बालोद सत्र न्यायालय को बम धमकी, पुलिस ने कोर्ट खाली कर सख्त सुरक्षा बढ़ाई

बालोद में न्यायालय परिसर में अलर्ट, बम स्क्वाड जांच में जुटी – अभी तक कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली
बालोद, छत्तीसगढ़। छत्तीसगढ़ के बालोद जिला एवं सत्र न्यायालय को अज्ञात सूत्र से बम से उड़ाने की धमकी मिली है। इस गंभीर सूचना के बाद पुलिस प्रशासन ने तुरंत कोर्ट खाली करवा दिया और परिसर सहित आसपास के सभी इलाकों में सख्त सुरक्षा बढ़ा दी। बम स्क्वाड टीम धमकी की जांच में जुटी हुई है, हालांकि अब तक कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है।
कोर्ट परिसर और आसपास क्षेत्र में कड़ी सुरक्षा
धमकी मिलने के बाद न्यायालय परिसर को चारों तरफ से सील कर दिया गया है। जयस्तंभ चौक सहित आसपास के इलाकों में पुलिस बल की भारी तैनाती की गई है। सुरक्षा कर्मी हर आने-जाने वाले व्यक्ति की पूरी जांच कर रहे हैं।
पुलिस का अलर्ट और जांच जारी
पुलिस अधिकारी ने बताया कि पूरे क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी गई है और धमकी की गंभीरता को देखते हुए बम स्क्वाड द्वारा पूरे परिसर की जांच की जा रही है। फिलहाल कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है, लेकिन पुलिस पूरे मामले पर कड़ी निगरानी बनाए हुए है।






