एलपीजी आपूर्ति संकट पर नियंत्रण, बुकिंग में आई तेजी अब हो रही सामान्य: राज्य सरकार

रायपुर। पश्चिम एशिया संकट के प्रभाव के चलते प्रदेश में एलपीजी बुकिंग में आई असामान्य वृद्धि अब धीरे-धीरे सामान्य स्थिति में लौट रही है। राज्य में जहां सामान्य दिनों में प्रतिदिन औसतन लगभग 74 हजार एलपीजी बुकिंग दर्ज होती थी, वहीं 6 मार्च के बाद यह संख्या बढ़कर करीब 1.30 लाख तक पहुंच गई थी। अब बीते दो सप्ताह में लगातार कमी दर्ज की जा रही है।
🔹 सरकार और तेल कंपनियों की सतत निगरानी
खाद्य विभाग के अनुसार राज्य शासन और ऑयल कंपनियों की संयुक्त निगरानी से एलपीजी आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत किया गया है। दैनिक बुकिंग, वितरण, पेंडिंग ऑर्डर और स्टॉक की स्थिति की नियमित समीक्षा की जा रही है, जिससे आपूर्ति प्रणाली में सुधार हुआ है।
🔹 लंबित बुकिंग में बड़ी कमी
खाद्य सचिव रीना बाबासाहेब कंगाले ने बताया कि 16 मार्च की तुलना में 31 मार्च तक लंबित एलपीजी बुकिंग में 1.08 लाख की कमी दर्ज की गई है। इससे स्पष्ट है कि वितरण व्यवस्था धीरे-धीरे सामान्य हो रही है और उपभोक्ताओं को राहत मिल रही है।
🔹 97 छापों में 3,847 सिलेंडर जप्त
घरेलू एलपीजी के दुरुपयोग को रोकने के लिए राज्य में सख्त कार्रवाई की जा रही है। अब तक
- 97 छापे
- 3,847 सिलेंडर जप्त
- 9 मामलों में एफआईआर दर्ज
यह कार्रवाई संदिग्ध स्थानों पर अवैध उपयोग और जमाखोरी रोकने के लिए की गई है।
🔹 कमर्शियल गैस आपूर्ति में बढ़ोतरी
राज्य सरकार ने होटल, रेस्टोरेंट और अन्य व्यावसायिक उपभोक्ताओं को राहत देते हुए कमर्शियल गैस आपूर्ति को 20 प्रतिशत से बढ़ाकर 40 प्रतिशत कर दिया है। इसके साथ ही आवश्यक उद्योगों को भी 20 प्रतिशत आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।
🔹 पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त स्टॉक
प्रदेश में पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति भी सामान्य बनी हुई है। राज्य के 2465 पेट्रोल पंपों पर पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और ऑयल डिपो से नियमित आपूर्ति जारी है।
🔹 स्थिति नियंत्रण में, आपूर्ति व्यवस्था मजबूत
राज्य शासन के अनुसार एलपीजी का पर्याप्त भंडारण उपलब्ध है और आपूर्ति श्रृंखला को सुचारू बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं। सरकार ने आश्वासन दिया है कि उपभोक्ताओं को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।






