छत्तीसगढ़ आंगनबाड़ी भर्ती 2026: 8वीं-12वीं पास महिलाओं के लिए मौका, कई जिलों में निकले पद

छत्तीसगढ़ में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका के पदों पर भर्ती निकाली गई है। बिलासपुर, दंतेवाड़ा और जगदलपुर जिलों में रिक्त पदों के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, जिसमें स्थानीय महिलाओं को रोजगार का अवसर मिलेगा।
किन जिलों में निकली भर्ती
बिलासपुर जिले के कोटा परियोजना अंतर्गत ग्राम पंचायत मनपहरी (करगीकला) में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता का एक पद खाली है।
दंतेवाड़ा में नगर पालिका क्षेत्र के अस्पतालपारा (वार्ड 14), मंदिरपारा (वार्ड 05) और ग्राम पंचायत मरकानार जूनापारा में कार्यकर्ता और सहायिका के पदों पर भर्ती की जाएगी।
वहीं, जगदलपुर (दरभा परियोजना) में ग्राम पंचायत छिन्दगुर और छिन्दावाड़ा में कार्यकर्ता के पद तथा ग्राम पंचायत अलवा में सहायिका के पद के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई है।
शैक्षणिक योग्यता और आयु सीमा
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पद के लिए न्यूनतम योग्यता 12वीं पास और सहायिका पद के लिए 8वीं पास निर्धारित की गई है।
आवेदिका की आयु 18 से 44 वर्ष के बीच होनी चाहिए और उसे संबंधित ग्राम या वार्ड की स्थानीय निवासी होना अनिवार्य है।
आवेदन की तारीख और प्रक्रिया
दंतेवाड़ा के पदों के लिए आवेदन 2 अप्रैल से 17 अप्रैल 2026 तक किए जा सकते हैं।
जगदलपुर क्षेत्र के लिए आवेदन 6 अप्रैल से 20 अप्रैल 2026 तक ऑनलाइन पोर्टल https://aww.e-bharti.in/ पर किए जा सकते हैं।
इच्छुक अभ्यर्थियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर अपने दस्तावेज ऑनलाइन अपलोड करने होंगे।
चयन प्रक्रिया और प्राथमिकता
यह नियुक्तियां मानसेवी (अशासकीय) होंगी, जिनमें शासन द्वारा निर्धारित मानदेय दिया जाएगा।
चयन में विधवा, परित्यक्ता और गरीबी रेखा के नीचे जीवनयापन करने वाली महिलाओं को प्राथमिकता दी जाएगी और अतिरिक्त अंक का प्रावधान भी रहेगा।
महत्वपूर्ण निर्देश
आवेदिकाओं को सलाह दी गई है कि वे अंतिम तिथि से पहले आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें, क्योंकि निर्धारित समय के बाद आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।






