CG Dhan kharidi Ghotala: जांजगीर-चांपा में 4714 क्विंटल धान गायब, 1.46 करोड़ की गड़बड़ी उजागर, 7 लोगों पर FIR

CG Dhan kharidi Ghotala: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में धान खरीदी घोटाले का बड़ा मामला सामने आया है। जिले के किरीत, बिर्रा और कड़ारी धान खरीदी केंद्रों में करोड़ों रुपए की अनियमितता उजागर होने के बाद प्रशासन ने बड़ा एक्शन लिया है।
जांच में कुल 4714.3 क्विंटल धान गायब पाया गया, जिसकी कीमत करीब 1.46 करोड़ रुपए बताई जा रही है। मामले में प्रभारी, प्रबंधक और हमाल समेत 7 लोगों के खिलाफ अलग-अलग थानों में FIR दर्ज की गई है।
/filters:format(webp)/bansal-news/media/media_files/2026/05/07/cg-dhan-kharidi-ghotala-1-2026-05-07-17-03-00.png)
हेराफेरी और फर्जी एंट्री का खुलासा
सहकारिता विभाग की जांच रिपोर्ट में धान खरीदी केंद्रों के रिकॉर्ड में गंभीर गड़बड़ी सामने आई है। अधिकारियों ने पाया कि स्टॉक रजिस्टर और वास्तविक भंडारण में बड़ा अंतर है। कई जगह फर्जी एंट्री कर रिकॉर्ड को मैच कराने की कोशिश की गई, जबकि मौके पर धान की मात्रा कम मिली। जांच में यह भी सामने आया कि खरीदी और उठाव के दस्तावेजों में हेराफेरी कर सरकारी राशि का नुकसान पहुंचाया गया।
तीन थानों में दर्ज हुई FIR
मामले की गंभीरता को देखते हुए नवागढ़, बिर्रा और बाराद्वार थानों में अलग-अलग FIR दर्ज की गई है। पुलिस ने प्रभारी, केंद्र प्रबंधक और हमाल सहित कुल 7 आरोपियों को नामजद किया है।
शुरुआती जांच में लापरवाही के साथ-साथ सुनियोजित तरीके से रिकॉर्ड में गड़बड़ी करने की बात सामने आ रही है। पुलिस अब दस्तावेजों और स्टॉक से जुड़े अन्य रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।
रिपोर्ट के बाद बड़ा एक्शन
बताया जा रहा है कि सहकारिता विभाग ने खरीदी केंद्रों का भौतिक सत्यापन कराया था। इसी दौरान स्टॉक में भारी अंतर मिला, जिसके बाद विस्तृत जांच की गई। रिपोर्ट सामने आने के बाद प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया। अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले में आर्थिक अपराध और जिम्मेदार लोगों की भूमिका की भी जांच की जाएगी।
/filters:format(webp)/bansal-news/media/media_files/2026/05/07/cg-dhan-kharidi-ghotala-2026-05-07-17-03-00.png)
बढ़ सकती है कार्रवाई
प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक जांच अभी जारी है और आने वाले दिनों में इस मामले में और नाम सामने आ सकते हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि धान की हेराफेरी अकेले केंद्र स्तर पर हुई या इसके पीछे बड़ा नेटवर्क काम कर रहा था। वहीं जिले में अन्य खरीदी केंद्रों के रिकॉर्ड की भी जांच की तैयारी की जा रही है, ताकि किसी और अनियमितता का खुलासा हो सके।
उमेश कश्यप एडिशनल एसपी जांजगीर-चांपा
सहकारिता विभाग की जांच रिपोर्ट के आधार पर जांजगीर-चांपा जिले के किरीत, बिर्रा और कड़ारी धान खरीदी केंद्रों में अनियमितता पाए जाने के बाद कार्रवाई की गई है। जांच में लगभग 4714.3 क्विंटल धान की कमी सामने आई है, जिसकी कीमत करीब 1 करोड़ 46 लाख रुपए है।
मामले में संबंधित प्रभारी, प्रबंधक और अन्य कर्मचारियों सहित कुल 7 लोगों के खिलाफ नवागढ़, बिर्रा और बाराद्वार थानों में अपराध दर्ज किया गया है। रिकॉर्ड में हेराफेरी, फर्जी एंट्री और स्टॉक गड़बड़ी की पुष्टि हुई है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।






