अपराधछत्तीसगढ़रायगढ़

लैलूंगा पुलिस ने अपहरण के सनसनीखेज मामले का किया खुलासा, रांची में दबिश देकर युवक को छुड़ाया

Advertisement

रायगढ़ पुलिस की बड़ी सफलता: 24 घंटे के भीतर अपहृत युवक सकुशल बरामद, झारखंड से तीन आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़, 12 मई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में थाना लैलूंगा पुलिस ने युवक के अपहरण के गंभीर मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए घटना के मात्र 24 घंटे के भीतर अपहृत युवक को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने झारखंड से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर रायगढ़ लाया है।

दो स्कॉर्पियो वाहनों में आए आरोपियों ने घर में घुसकर किया था अपहरण
मामले में 11 मई 2026 को प्रार्थी शिवप्रसाद बंजारा पिता स्वर्गीय भगतराम बंजारा उम्र 55 वर्ष निवासी मुड़ागांव रामनाथपुर थाना लैलूंगा ने थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके 26 वर्षीय पुत्र रवि नारायण बंजारा का झारखंड से आए तीन युवकों ने दो स्कॉर्पियो वाहनों में जबरन अपहरण कर लिया है।
प्रार्थी ने बताया कि उसका पुत्र पूर्व में धान खरीदी-बिक्री के काम में झारखंड निवासी पवन साहू के साथ जुड़ा हुआ था।

12 लाख रुपये के लेन-देन विवाद में युवक के साथ मारपीट कर ले गए आरोपी
रिपोर्ट के अनुसार 10 मई 2026 की दोपहर करीब 3:30 बजे आरोपी पवन साहू अपने साथी विष्णु साहू और नरेश उर्फ नरेंद्र साहू के साथ वाहन क्रमांक CG 14 MU 1197 एवं JH 01 DV 6413 से प्रार्थी के घर पहुंचे। उस समय घर में रवि बंजारा और उसकी माता मौजूद थे।
आरोपियों ने घर में जबरन प्रवेश कर 12 लाख रुपये बकाया होने की बात कही और रवि बंजारा के साथ मारपीट करते हुए उसे जबरन वाहन में बैठाकर अपने साथ लेकर फरार हो गए।

एसएसपी के निर्देश पर गठित हुई विशेष टीम, रांची में दी गई दबिश
घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी लैलूंगा ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर अपहरण का अपराध दर्ज कर विशेष टीम गठित की गई और बिना समय गंवाए रांची, झारखंड में दबिश दी गई।
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपहृत रवि नारायण बंजारा को आरोपियों के कब्जे से सकुशल बरामद किया तथा आरोपी पवन साहू, विष्णु साहू और नरेंद्र साहू को गिरफ्तार कर लिया। घटना में प्रयुक्त दोनों स्कॉर्पियो वाहनों को भी जब्त कर रायगढ़ लाया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने कबूला अपराध, व्यापारिक लेन-देन का विवाद आया सामने
पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया। प्रारंभिक जांच में अपहृत युवक और आरोपियों के बीच व्यापारिक लेन-देन का विवाद सामने आया है। पुलिस ने विवेचना के दौरान दोनों स्कॉर्पियो वाहनों को साक्ष्य के रूप में जप्त किया है।
लैलूंगा पुलिस की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ी वारदात को गंभीर परिणाम तक पहुंचने से पहले रोक लिया गया।

तीनों आरोपी न्यायिक रिमांड पर भेजे गए
थाना लैलूंगा में आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 156/2026 धारा 140(2), 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया और न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

झारखंड निवासी तीन आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों में पवन साहू पिता बलीराम उम्र 30 वर्ष निवासी बोकोंदा थाना लापुंग जिला रांची, विष्णु साहू पिता बलीराम उम्र 22 वर्ष निवासी बोकोंदा थाना लापुंग जिला रांची तथा नरेंद्र साहू पिता रमेश साहू उम्र 27 वर्ष निवासी डिम्बा थाना लापुंग जिला रांची शामिल हैं।

पूरी कार्रवाई में पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में एडिशनल एसपी अनिल सोनी एवं एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी द्वारा लगातार मॉनिटरिंग कर टीम को आवश्यक मार्गदर्शन दिया गया। कार्रवाई में थाना प्रभारी लैलूंगा उप निरीक्षक गिरधारी साव, उप निरीक्षक चन्द्र कुमार सिंगार, प्रधान आरक्षक एडमोन खेस, आरक्षक संतराम केंवट, राजू तिग्गा और गोविंद बनर्जी की सराहनीय भूमिका रही।

एसएसपी शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि कानून को हाथ में लेकर किसी व्यक्ति को डराना, धमकाना, बंधक बनाना या अपहरण जैसी वारदात को अंजाम देना गंभीर अपराध है। रायगढ़ पुलिस ऐसे अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करेगी। जिले में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के लिए कोई स्थान नहीं है।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button