रायगढ़ पुलिस की लाइव मॉक ड्रिल : लूट, चेन स्नैचिंग और अपराध नियंत्रण की तैयारी परखी गई

रायगढ़। जिले में अपराध के बाद पुलिस रिस्पॉन्स और नाकेबंदी व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से रायगढ़ पुलिस द्वारा शहर समेत खरसिया और धरमजयगढ़ क्षेत्र में लाइव मॉक ड्रिल आयोजित की गई। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन एवं एडिशनल एसपी अनिल सोनी के मार्गदर्शन में हुई इस विशेष अभ्यास में पुलिस की त्वरित कार्रवाई, संदिग्धों की जांच और अपराधियों की धरपकड़ की रणनीति को परखा गया।
शहर में चेन स्नैचिंग और बैग लूट की घटना का कराया गया डेमो
रायगढ़ शहर में कंट्रोल रूम से सूचना प्रसारित की गई कि सिविल लाइन रोड पर एक महिला से चेन स्नैचिंग कर बाइक सवार आरोपी सत्तीगुड़ी चौक की ओर फरार हो गए हैं। सूचना मिलते ही कोतवाली और चक्रधरनगर पुलिस ने प्रमुख चौक-चौराहों पर तत्काल नाकेबंदी शुरू कर दी।
इसी दौरान रेलवे स्टेशन क्षेत्र में बैग लूट की दूसरी घटना का डेमो भी कराया गया। एडिशनल एसपी अनिल सोनी और डीएसपी सुशांतो बनर्जी स्वयं चेकिंग प्वाइंट पर पहुंचे और पुलिस कार्रवाई की निगरानी की। डेमो में शामिल संदिग्धों को पहाड़ मंदिर के पास घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।
खरसिया में 40 मिनट के भीतर दो संदिग्ध दबोचे गए
खरसिया क्षेत्र में दोपहर के समय लूटपाट की सूचना प्रसारित होते ही थाना और चौकी स्तर पर नाकेबंदी कर जांच अभियान शुरू किया गया। करीब 12:30 बजे एक संदिग्ध को रायगढ़ चौक से पकड़ा गया, जबकि दूसरे को मदनपुर चौक पर पुलिस ने घेराबंदी कर दबोच लिया। हालांकि तीसरा संदिग्ध मौके से फरार होने में सफल रहा।
इस कार्रवाई का नेतृत्व एसडीओपी प्रभात पटेल ने किया।
धरमजयगढ़ में चेन स्नैचिंग के आरोपी पकड़ने का अभ्यास
धरमजयगढ़ क्षेत्र में दशहरा मैदान के पास युवती से चेन स्नैचिंग कर बाइक सवार आरोपियों के फरार होने की सूचना दी गई। आरोपियों का हुलिया और वाहन की जानकारी तत्काल सभी प्वाइंट पर साझा की गई। एसडीओपी सिद्धांत तिवारी के नेतृत्व में पुलिस ने कापू रोड पर घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया।
अपराधियों को नहीं मिलेगा बचने का मौका : एसएसपी
पूरे जिले में एक साथ कराई गई इस मॉक ड्रिल के जरिए रायगढ़ पुलिस ने अपराध नियंत्रण को लेकर अपनी तैयारी और त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता का प्रदर्शन किया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि भविष्य में भी इस प्रकार की मॉक ड्रिल जारी रहेगी, ताकि पुलिसिंग व्यवस्था और अधिक मजबूत हो सके।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि अपराध के बाद पुलिस रिस्पॉन्स और नाकेबंदी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए समय-समय पर इस तरह के अभ्यास जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि आज की मॉक ड्रिल में पुलिस टीमों ने प्रभावी कार्रवाई कर बेहतर प्रदर्शन किया।






