रेलवे में नौकरी के नाम पर ठगी, CBI ने की बड़ी कार्रवाई, दुर्ग और रायपुर से हुई गिरफ्तारी

दुर्ग: रेलवे में भर्ती के नाम पर कथित ठगी करने वाले 2 कर्मचारियों को सीबीआई ने गिरफ्तार किया है. दोनों ही गिरफ्तारियां शनिवार रायपुर और दुर्ग से की गई. शिकायत के आधार पर सीबीआई ने अंतर्राष्ट्रीय बॉडी बिल्डिंग रेफरी और रेलवे कर्मचारी बी. राजशेखर राव को दुर्ग से, जबकि रेलवे कर्मचारी और वेटलिफ्टर राजलक्ष्मी को रायपुर से गिरफ्तार किया गया.
रेलवे में जॉब दिलाने के नाम पर ठगी
अंतर्राष्ट्रीय बॉडी बिल्डिंग रेफरी और रेलवे कर्मचारी बी. राजशेखर राव और वेटलिफ्टर राजलक्ष्मी (रेलवे कर्मचारी) पर आरोप है कि वो रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर कथित रुप से लाखों रुपए लिए थे. सीबीआई की टीम शनिवार सुबह दुर्ग के न्यू पुलिस लाइन इलाके में पहुंची, जहां से अंतर्राष्ट्रीय बॉडी बिल्डिंग रेफरी बी. राजशेखर राव को पकड़ा गया.
वहीं, रायपुर के डीआरएम कार्यालय में पदस्थ राजलक्ष्मी को भी पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया गया है. इस पूरी कार्रवाई के दौरान दोनों के घरों और ठिकानों पर सर्च ऑपरेशन चलाया गया. सर्च ऑपरेशन और जांच के दौरान सीबीआई को आरोपियों के ठिकानों से लाखों रुपए कैश और कई अहम दस्तावेज मिले हैं.
सीबीआई ने दोनों को दबोचा, पूछताछ और दस्तावेजों की जांच जारी
सूत्रों के मुताबिक दोनों के खिलाफ लंबे वर्क से रेलवे में नौकरी लगाने के नाम पर पैसे वसूलने की शिकायत मिल रही थी. प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद सीबीआई ने एक साथ दबिश देकर दोनों को गिरफ्तार किया है. कार्रवाई के दौरान कई घंटों तक दोनों के ठिकानों पर दस्तावेजों को खंगालने का काम किया गया. अभी ये स्पष्ट नहीं हो पाया है कि ठगी का शिकार कितने लोग हुए हैं और ठगी की कितनी रकम दोनों ने मिलकर ली है. डीआरएम कार्यालय रायपुर ने भी कार्रवाई की पुष्टि की है. दोनों आरोपियों से सीबीआई लगातार पूछताछ कर रही है. उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान कई और बड़े खुलासे हो सकते हैं.






