जगदलपुर में सियासी और प्रशासनिक हलचल तेज: मध्य क्षेत्रीय परिषद बैठक के लिए योगी, मोहन यादव और धामी पहुंचे बस्तर, सीएम साय ने किया भव्य स्वागत

जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर में मध्य क्षेत्रीय परिषद की 26वीं बैठक शुरू हो गई है, जिसकी अध्यक्षता केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह कर रहे हैं। बैठक में चारों राज्यों के मुख्यमंत्री- उत्तर प्रदेश के योगी आदित्यनाथ, मध्यप्रदेश के मोहन यादव, उत्तराखंड के पुष्कर सिंह धामी और छत्तीसगढ़ के विष्णुदेव साय मौजूद हैं। इनके साथ यूपी के मंत्री स्वतंत्र देव सिंह और ए. के. शर्मा, उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, मध्यप्रदेश के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा और मंत्री केदार कश्यप भी बैठक में शामिल हैं।
सीएम योगी, मोहन यादव और धामी पहुंचे बस्तर
बैठक में शामिल होने के लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जगदलपुर पहुंचे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप, बस्तर सांसद महेश कश्यप और अन्य पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया।
सीएम साय ने जताई बैठक से बड़ी उम्मीदें
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि बस्तर की मां दंतेश्वरी की पावन धरती पर योगी आदित्यनाथ का स्वागत करना सम्मान की बात है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह बैठक साझा विकास, बेहतर समन्वय और राष्ट्रहित के संकल्प को नई ऊर्जा देगी।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत संदेश
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने एयरपोर्ट की तस्वीरें साझा करते हुए लिखा कि बस्तर की प्राकृतिक सुंदरता और समृद्ध लोक परंपराएं अतिथियों का स्वागत करने को तत्पर हैं। उन्होंने योगी आदित्यनाथ के आगमन को बस्तर के लिए महत्वपूर्ण क्षण बताया।
जगदलपुर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
मुख्यमंत्रियों के आगमन के साथ ही जगदलपुर में सुरक्षा व्यवस्था बेहद सख्त कर दी गई है। एयरपोर्ट से लेकर बैठक स्थल तक पुलिस और प्रशासनिक टीमें लगातार निगरानी में जुटी हैं। शहर में रूट डायवर्जन और वीवीआईपी मूवमेंट को लेकर विशेष प्लान लागू किया गया है।
अमित शाह करेंगे बैठक की अध्यक्षता
मध्य क्षेत्रीय परिषद की इस बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह करेंगे। बैठक को राजनीतिक और प्रशासनिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की तैयारी
सूत्रों के अनुसार बैठक में कई अहम विषयों पर चर्चा की जाएगी, जिनमें-
• अंतरराज्यीय समन्वय
• आंतरिक सुरक्षा
• नक्सल प्रभावित क्षेत्रों का विकास
• शिक्षा, स्वास्थ्य व पोषण सुधार
• शहरी विकास और ऊर्जा क्षेत्र
• सहकारिता व प्रशासनिक सहयोग
राज्यों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने और विकास परियोजनाओं को तेज गति देने के लिए साझा रणनीति तैयार की जा सकती है।
बस्तर सहित मध्य क्षेत्र में विकास को नई रफ्तार की उम्मीद
बैठक से इस बात की उम्मीद है कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में समन्वित कार्रवाई का बड़ा रोडमैप बनेगा। साथ ही बस्तर और मध्य भारत के राज्यों में नई विकास योजनाओं को गति देने पर भी ठोस निर्णय लिए जा सकते हैं। प्रशासन ने इस बैठक को क्षेत्र की नीतिगत दिशा तय करने वाला अहम अवसर माना है।






