छत्तीसगढ़रायगढ़

रायगढ़ पुलिस लाइन उर्दना में आधुनिक पुलिस जिम का लोकार्पण, फिटनेस और वेलनेस को मिलेगा बढ़ावा

Advertisement

रायगढ़, 20 मई 2026। आधुनिक फिटनेस सुविधा के शुभारंभ के साथ पुलिस कर्मियों और युवाओं को मिली नई सौगात

रायगढ़ में पुलिसकर्मियों और युवाओं के लिए आधुनिक फिटनेस सुविधा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने बुधवार को पुलिस लाइन उर्दना में अत्याधुनिक पुलिस जिम का लोकार्पण किया। इससे पहले उन्होंने पुराना पुलिस लाइन रायगढ़ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान छत्तीसगढ़ डॉयल-112 (फेज-2 नेक्स्ट जेन) के तहत जिले को मिले 16 आधुनिक आपातकालीन वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था।

रिबन काटकर किया शुभारंभ, भगवान हनुमान के छायाचित्र पर की पूजा-अर्चना

डॉयल-112 कार्यक्रम के पश्चात वित्त मंत्री ओपी चौधरी पुलिस लाइन उर्दना पहुंचे, जहां उन्होंने रिबन काटकर जिम का औपचारिक शुभारंभ किया। जिम कक्ष में स्थापित भगवान हनुमान के छायाचित्र पर पूजा-अर्चना करने के बाद उन्होंने जिम में लगाए गए आधुनिक फिटनेस उपकरणों और मशीनों का अवलोकन भी किया।

भागदौड़ भरी जीवनशैली में फिटनेस और वेलनेस की आवश्यकता पर दिया जोर

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि वर्तमान समय की व्यस्त और भागदौड़ भरी जीवनशैली को देखते हुए फिटनेस और वेलनेस पर विशेष ध्यान देना आवश्यक हो गया है। उन्होंने सभी लोगों को प्रतिदिन कम से कम आधा घंटा व्यायाम के लिए निकालने की सलाह दी।

उन्होंने कहा कि इस जिम से पुलिसकर्मियों के साथ-साथ स्थानीय युवाओं को भी लाभ मिलेगा और यह स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

तनावमुक्त और स्वस्थ पुलिसिंग व्यवस्था को प्राथमिकता दे रही रायगढ़ पुलिस

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि पुलिसकर्मियों को तनावमुक्त रखने के लिए रायगढ़ पुलिस द्वारा योग, खेल और फिटनेस गतिविधियों को लगातार प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने बताया कि पुलिसकर्मियों को नियमित रूप से फिटनेस के प्रति जागरूक किया जाता है और इसी उद्देश्य से पुलिस जिम में अत्याधुनिक मशीनों का अपग्रेडेशन किया गया है।

उन्होंने कहा कि इस सुविधा का लाभ पुलिसकर्मियों के साथ पुलिस परिवार के सदस्य भी उठा सकेंगे, जिससे उन्हें शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहने में सहायता मिलेगी।

जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की मौजूदगी में हुआ आयोजन

कार्यक्रम में महापौर जीवर्धन चौहान, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, सीईओ जिला पंचायत अभिजीत बबन पठारे, एडिशनल एसपी अनिल सोनी, एसडीएम महेश शर्मा, सभापति डिग्रीलाल साहू, डीएसपी उन्नति ठाकुर, उत्तम प्रताप सिंह, सुशांतो बनर्जी, आईआर अमित सिंह सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि और पुलिस जवान उपस्थित रहे।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button