भाजपा का रणनीतिक मंथन : हालाहुलि बैठक में संगठन विस्तार की बनी रूपरेखा, छाया विधायक महेश साहू ने कार्यकर्ताओं को किया संबोधित

खरसिया/हालाहुलि । ग्राम हालाहुलि में भारतीय जनता पार्टी खरसिया मंडल की मासिक एवं विशेष संगठनात्मक बैठक संपन्न हुई। बैठक में मंडल के समस्त पदाधिकारी, वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं जनप्रतिनिधि शामिल हुए। इस दौरान संगठन की आगामी कार्ययोजना, जनसंपर्क अभियान तथा बूथ स्तर तक संगठन को और अधिक सशक्त बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए छाया विधायक महेश साहू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ का सामूहिक श्रवण करने पर समस्त पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को बधाई एवं धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रत्येक कार्यकर्ता की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
बैठक में संगठन की मजबूती, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तथा जनहितकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विचार-विमर्श किया गया। उपस्थित पदाधिकारियों ने संगठन को और अधिक सक्रिय एवं जनोन्मुखी बनाने का संकल्प लिया।







