Uncategorised

Chhattisgarh PWD : उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने निर्माण कार्यों की समीक्षा की, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

Advertisement

सितंबर-अक्टूबर तक नए कार्यों के आदेश जारी करने और समय-सीमा में निर्माण पूरा करने पर जोर

रायपुर। उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री श्री अरुण साव ने गुरुवार को नवा रायपुर स्थित निर्माण भवन में लोक निर्माण विभाग (PWD) के निर्माणाधीन और प्रस्तावित कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सभी परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने, फील्ड में जाकर निरीक्षण करने तथा ठेकेदारों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। बैठक में विभाग के सचिव श्री मुकेश कुमार बंसल और प्रमुख अभियंता श्री वी.के. भतपहरी सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

नई कार्य संस्कृति अपनाने पर दिया जोर

उप मुख्यमंत्री श्री साव ने कहा कि विभाग के अभियंताओं की कार्यकुशलता जमीन पर दिखाई देनी चाहिए। उन्होंने समय की मांग के अनुरूप नई कार्यप्रणाली और कार्य संस्कृति अपनाने पर जोर देते हुए कहा कि सभी आवश्यक प्रशासनिक और तकनीकी प्रक्रियाएं तेजी से पूरी की जाएं, ताकि सितंबर-अक्टूबर तक नए कार्यों के कार्यादेश जारी कर बारिश के तुरंत बाद निर्माण कार्य पूरी गति से शुरू किए जा सकें।

‘ग्रोथ इंजन’ की भूमिका निभा रहा है लोक निर्माण विभाग

श्री साव ने कहा कि लोक निर्माण विभाग राज्य के विकास का ‘ग्रोथ इंजन’ है। सड़क, पुल-पुलिया, शासकीय भवन, स्कूल, कॉलेज, ऑडिटोरियम और अन्य अधोसंरचना के निर्माण में विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका है। विकसित छत्तीसगढ़ के लक्ष्य को हासिल करने के लिए सभी अधिकारियों को पूरी गंभीरता और सक्रियता से कार्य करना होगा।

समय पर भुगतान और ठेकेदारों पर सख्ती के निर्देश

उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को ठेकेदारों के कार्यों का बिल समय पर तैयार कर हर महीने भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने अनुबंध के अनुसार कार्यों में अपेक्षित प्रगति नहीं करने वाले ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट करने और आवश्यकता पड़ने पर उनके अनुबंध समाप्त करने की कार्रवाई करने को भी कहा।

पहुंचविहीन गांवों तक सड़क और पुल निर्माण को प्राथमिकता

बैठक में श्री साव ने निर्देश दिए कि वर्षभर आवागमन सुनिश्चित करने के लिए पहुंचविहीन गांवों तक सड़क और पुल निर्माण के प्रस्ताव प्राथमिकता से तैयार कर शासन को भेजे जाएं। साथ ही पुराने लंबित कार्यों से जुड़ी समस्याओं का शीघ्र निराकरण कर निर्माण कार्यों में तेजी लाने पर जोर दिया।

31 अगस्त तक नए प्रस्ताव भेजने के निर्देश

लोक निर्माण विभाग के सचिव श्री मुकेश कुमार बंसल ने अधिकारियों को मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री, मंत्रियों और विधायकों द्वारा अनुशंसित कार्यों के साथ-साथ द्रुतगामी सड़कों, पुलों और ग्रामीण संपर्क मार्गों के प्रस्तावों का प्राक्कलन तैयार कर 31 अगस्त तक शासन को भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण पूर्ण होने के बाद ऑडिटोरियम सहित अन्य भवनों को संबंधित विभागों और नगरीय निकायों को शीघ्र हस्तांतरित करने को भी कहा।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button