चीन हादसा : जूता फैक्ट्री में भीषण आग, 28 लोगों की मौत; कई मंजिला इमारत में मचा हड़कंप

फुजियान में दर्दनाक अग्निकांड
चीन के पूर्वी फ़ुजियान प्रांत के जिनजियांग शहर में गुरुवार को एक जूता फैक्ट्री में भीषण आग लगने से 28 लोगों की मौत हो गई। चीनी समाचार एजेंसी शिन्हुआ के अनुसार, आग दोपहर करीब 12:04 बजे फैक्ट्री में लगी।
कई मंजिला इमारत आग की चपेट में
सीसीटीवी फुटेज में देखा गया कि आग ने देखते ही देखते कई मंजिला इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। आसमान में काले धुएं का गुबार छा गया। कई लोग जान बचाने के लिए इमारत की छतों पर फंसे हुए दिखाई दिए।
183 बचावकर्मी और 35 वाहन मौके पर तैनात
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग और आपातकालीन टीमों ने मोर्चा संभाला। करीब 183 बचाव कर्मियों और 35 वाहनों के साथ राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। दोपहर तक आग की लपटों पर काफी हद तक काबू पा लिया गया था, लेकिन इमारत के कुछ हिस्सों में मौजूद गर्मी और धुएं के कारण बचाव कार्य में परेशानी आई।
गोंद और जूता निर्माण सामग्री बनी आग फैलने की वजह
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आग फैक्ट्री के ग्राउंड फ्लोर से शुरू हुई, जहां जूते बनाने की सामग्री और गोंद रखा हुआ था। ज्वलनशील पदार्थों के कारण आग तेजी से फैल गई।
राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने दिए जांच के निर्देश
चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने अधिकारियों को फंसे हुए लोगों को बचाने, घायलों का इलाज सुनिश्चित करने और दुर्घटना के कारणों की जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
परिवारों की सहायता और जिम्मेदारी तय करने पर जोर
राष्ट्रपति शी ने प्रभावित परिवारों की मदद करने और राहत अभियान में कोई कमी नहीं रखने के निर्देश दिए। साथ ही आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाकर जिम्मेदारी तय करने को कहा गया है।







