NTPC Lara News : एनटीपीसी लारा में नव गुरुकुल स्कूल के विद्यार्थियों का औद्योगिक भ्रमण, बिजली उत्पादन की प्रक्रिया को जाना

इंडस्ट्रियल विजिट के दौरान कंट्रोल रूम, टरबाइन और कोयला प्रबंधन संयंत्र का किया अवलोकन, परियोजना प्रमुख ने विद्यार्थियों को किया प्रेरित
रायगढ़। एनटीपीसी लारा में नव गुरुकुल स्कूल के विद्यार्थियों के लिए शैक्षणिक औद्योगिक भ्रमण (इंडस्ट्रियल एक्सपोज़र विज़िट) का आयोजन किया गया। इस भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को आधुनिक विद्युत उत्पादन प्रणाली, औद्योगिक कार्यप्रणाली तथा तकनीकी प्रक्रियाओं की व्यावहारिक जानकारी प्रदान करना था।
बिजली उत्पादन की प्रक्रिया को समझा
भ्रमण के दौरान एनटीपीसी के अधिकारियों ने विद्यार्थियों को प्लांट के विभिन्न महत्वपूर्ण विभागों का अवलोकन कराया। विद्यार्थियों ने कंट्रोल रूम, टरबाइन, जनरेटर तथा कोयला प्रबंधन संयंत्र (सीएचपी) का निरीक्षण किया और बिजली उत्पादन की पूरी प्रक्रिया को सरल एवं सहज तरीके से समझा। इस दौरान विद्यार्थियों ने तकनीकी विषयों से जुड़े कई प्रश्न भी पूछे, जिनका अधिकारियों ने विस्तारपूर्वक उत्तर दिया।
परियोजना प्रमुख ने विद्यार्थियों को किया प्रेरित
भ्रमण के बाद विद्यार्थियों ने एनटीपीसी लारा के परियोजना प्रमुख (हेड ऑफ प्रोजेक्ट) सुभाष ठाकुर से संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों को मन लगाकर अध्ययन करने, विज्ञान एवं तकनीक के क्षेत्र में आगे बढ़ने तथा अपने ज्ञान और कौशल के माध्यम से देश के विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
विद्यार्थियों ने बताया ज्ञानवर्धक अनुभव
विद्यार्थियों ने औद्योगिक भ्रमण को ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि इस यात्रा से उन्हें उद्योग जगत, आधुनिक तकनीक और विद्युत उत्पादन प्रणाली को नजदीक से समझने का अवसर मिला। एनटीपीसी लारा ने भविष्य में भी ऐसे शैक्षणिक एवं जागरूकता कार्यक्रमों के आयोजन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।







