PM Fasal Bima Yojana Raigarh : किसानों को योजना का लाभ दिलाने जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित

कृषि विभाग, एआईसी और सीएससी अधिकारियों ने अधिकारियों एवं वीएलई को दिए जरूरी निर्देश, अधिक से अधिक किसानों के पंजीयन पर जोर
रायगढ़। खरीफ सीजन में अधिक से अधिक किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (PM Fasal Bima Yojana) का लाभ दिलाने और योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला पंचायत प्रशिक्षण केंद्र रायगढ़ के सभागार में जिला स्तरीय प्रशिक्षण एवं कार्यशाला का आयोजन किया गया।
योजना के प्रावधानों की दी गई जानकारी
कार्यशाला में कृषि विभाग, एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड (AIC) और कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) के अधिकारियों ने विकासखंड स्तर के कृषि अधिकारियों एवं सीएससी के विलेज लेवल इंटरप्रेन्योर (VLE) को योजना से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।
प्रशिक्षण के दौरान किसानों के ऑनलाइन पंजीयन की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज, पात्रता, आवेदन की समय-सीमा और तकनीकी प्रक्रियाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी साझा की गई।
प्राकृतिक आपदाओं से फसल नुकसान में मिलेगा सुरक्षा कवच
अधिकारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना अतिवृष्टि, अल्पवृष्टि, ओलावृष्टि और अन्य प्राकृतिक आपदाओं से फसलों को होने वाले नुकसान की स्थिति में किसानों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करती है। इसलिए प्रत्येक पात्र किसान का समय पर पंजीयन कराना विभागों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
गांव-गांव पहुंचकर किसानों को जागरूक करने के निर्देश
कार्यशाला में कृषि विभाग, बीमा कंपनी और सीएससी के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया। मैदानी अमले को निर्देश दिए गए कि वे गांवों में पहुंचकर किसानों को योजना की जानकारी दें, आवश्यक दस्तावेज तैयार कराने में सहयोग करें और अंतिम तिथि से पहले अधिक से अधिक किसानों का पंजीयन सुनिश्चित करें।
अधिकारियों ने कहा कि PM Fasal Bima Yojana केवल बीमा योजना नहीं, बल्कि किसानों की आय को सुरक्षित रखने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसके लिए ग्राम स्तर पर प्रचार-प्रसार अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए।
अधिकारियों और कर्मचारियों की रही मौजूदगी
कार्यशाला में सहायक संचालक कृषि अजय जायसवाल, सहायक सांख्यिकी अधिकारी सौरव पटेल, जिला समन्वयक एआईसी रायगढ़ संजीव कुमार साहू, सीएससी जिला प्रबंधक रायगढ़ विश्वजीत पंडा, जिला समन्वयक एआईसी सारंगढ़ वेद चंद्र, सहायक प्रबंधक राहुल सोनी एवं रवि रश्मि सिंह सहित कृषि विभाग, एआईसी और सीएससी के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
इसके अलावा विकासखंड स्तर से रायगढ़ के ब्लॉक समन्वयक भीखम साहू, धरमजयगढ़ के खिलेश्वर पटेल, घरघोड़ा के कुलदीप कुमार, पुसौर के शिव शंकर निराला और तमनार के आयुष सोनी ने भी प्रशिक्षण में भाग लिया।
कार्यक्रम का समापन इस संकल्प के साथ हुआ कि कृषि विभाग, एआईसी और सीएससी आपसी समन्वय से कार्य करते हुए जिले के अधिकतम किसानों तक प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ पहुंचाएंगे।







