राजनांदगांव में अवैध धान परिवहन पर बड़ी कार्रवाई, दो ट्रकों से 595 क्विंटल धान जब्त

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ में धान खरीदी का सीजन शुरू होते ही अवैध धान परिवहन और कारोबार पर प्रशासन ने निगरानी तेज कर दी है। इसी कड़ी में राजनांदगांव जिला प्रशासन ने पाटेकोरा बैरियर पर कार्रवाई करते हुए दो ट्रकों से कुल 595 क्विंटल धान जब्त किया है। दोनों वाहनों में बिना वैध अनुमति के धान का परिवहन किया जा रहा था। कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने स्वयं बैरियर पहुंचकर जांच अभियान का जायजा लिया।
बैरियर पर जांच के दौरान पकड़े गए दो ट्रक
कलेक्टर जितेन्द्र यादव पाटेकोरा बैरियर के निरीक्षण पर पहुंचे थे। इसी दौरान वहां से गुजर रहे दो ट्रकों की गतिविधियां संदिग्ध दिखाई दीं। अधिकारियों ने तत्काल दोनों वाहनों को रुकवाकर जांच की। तलाशी के दौरान ट्रकों में बड़ी मात्रा में धान लदा मिला। परिवहन से संबंधित दस्तावेजों की जांच में वैध अनुमति नहीं पाए जाने पर कार्रवाई की गई।
इस दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, एसडीएम और खाद्य विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे।
पहले ट्रक में 306 और दूसरे में 289 क्विंटल धान
जांच में पहले ट्रक से 742 बोरे धान बरामद हुए, जिनका वजन लगभग 306 क्विंटल बताया गया है। वहीं दूसरे ट्रक में करीब 289 क्विंटल धान लोड था। दोनों वाहनों से कुल 595 क्विंटल धान जब्त किया गया है। प्रशासन ने दोनों ट्रकों को कब्जे में लेकर धान भी जब्त कर लिया।
धान के स्रोत और गंतव्य की जांच जारी
कार्रवाई के बाद प्रशासन जब्त धान के स्रोत और उसके गंतव्य का पता लगाने में जुट गया है। जांच की जा रही है कि धान कहां से लाया जा रहा था और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था। इसके साथ ही बिचौलियों या संगठित अवैध कारोबार से जुड़े लोगों की संभावित भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है। प्रशासन के अनुसार, मामले में नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।





