जनजातीय वीर नायकों का बलिदान देश की गौरवशाली विरासत: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय संगोष्ठी को किया संबोधित, भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का किया अनावरण
जनजातीय गौरव दिवस पर आयोजित हुई राष्ट्रीय संगोष्ठी
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि देश की स्वतंत्रता के लिए जनजातीय वीर नायकों का संघर्ष और बलिदान हमारी गौरवशाली विरासत का अमूल्य हिस्सा है। इन महानायकों ने मातृभूमि की आजादी के साथ अपनी संस्कृति, परंपराओं, स्वाभिमान और अधिकारों की रक्षा के लिए भी अपना सर्वस्व न्योछावर किया। उनका जीवन साहस, एकता और राष्ट्र के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है।
मुख्यमंत्री बिलासपुर स्थित गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय में जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर आयोजित राष्ट्रीय संगोष्ठी को संबोधित कर रहे थे। संगोष्ठी का विषय ‘स्वतंत्रता संघर्ष में जनजातीय नायकों का योगदान’ था। उन्होंने कहा कि विकास के साथ अपनी गौरवशाली विरासत को सहेजना और नई पीढ़ी तक पहुंचाना भी हमारी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
बिरसा मुंडा की प्रतिमा का किया अनावरण
मुख्यमंत्री साय ने विश्वविद्यालय परिसर में स्थापित धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का अनावरण किया। उन्होंने जनजातीय वीथिका का अवलोकन कर वहां जनजातीय वीर नायकों के जीवन, संघर्ष और बलिदान पर आधारित प्रदर्शनी की सराहना की। इस अवसर पर राष्ट्रीय संगोष्ठी की स्मारिका का विमोचन भी किया गया।
बिरसा मुंडा के उलगुलान आंदोलन को किया याद
भगवान बिरसा मुंडा को नमन करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने मात्र 25 वर्ष के जीवन में अंग्रेजी शासन के अन्याय और शोषण के खिलाफ ऐतिहासिक संघर्ष किया। जल, जंगल और जमीन के अधिकारों की रक्षा के लिए उन्होंने जनजातीय समाज को संगठित किया और उलगुलान आंदोलन के माध्यम से अंग्रेजी हुकूमत को चुनौती दी। उनका साहस, स्वाभिमान और बलिदान आज भी सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।
वीर नारायण सिंह के संघर्ष का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की धरती जनजातीय वीरों के साहस और बलिदान की साक्षी रही है। शहीद वीर नारायण सिंह ने अकाल के समय भूखी जनता की सहायता के लिए संघर्ष किया और अन्याय के खिलाफ आवाज उठाई। इसी तरह अनेक जनजातीय नायकों ने देश की स्वतंत्रता और समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित किया।
उन्होंने कहा कि इन महानायकों की गौरवगाथाओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी है, ताकि युवा अपने इतिहास और संस्कृति पर गर्व कर सकें।
जनजातीय इतिहास को राष्ट्रीय स्तर पर मिली पहचान
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास और स्वतंत्रता संग्राम में उसके योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिली है। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की पहल इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने बताया कि भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर प्रदेशभर में जनजातीय गौरव सप्ताह के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। स्कूलों, महाविद्यालयों और विकासखंड स्तर पर होने वाले इन आयोजनों के माध्यम से युवाओं को जनजातीय नायकों के जीवन और योगदान से परिचित कराया जा रहा है।





