Raigarh CC Road : चांदमारी में निर्माणाधीन सीसी रोड का महापौर जीवर्धन चौहान ने किया निरीक्षण

गुणवत्ता और समय-सीमा का पालन करने के दिए निर्देश, वार्डवासियों की समस्याएं भी सुनीं
रायगढ़। शहर के वार्ड क्रमांक 08 चांदमारी में निर्माणाधीन सीसी रोड (CC Road) का महापौर जीवर्धन चौहान ने निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति एवं गुणवत्ता का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सड़क निर्माण में उपयोग की जा रही सामग्री और कार्य की गुणवत्ता की जानकारी संबंधित अधिकारियों एवं इंजीनियरों से ली। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप एवं संतोषजनक पाया गया।
गुणवत्ता से समझौता नहीं करने के निर्देश
महापौर जीवर्धन चौहान ने संबंधित इंजीनियर एवं ठेकेदार को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए। उन्होंने कहा कि सड़क का निर्माण पूरी मजबूती और निर्धारित मापदंडों के अनुसार किया जाए, ताकि आम नागरिकों को लंबे समय तक बेहतर सुविधा मिल सके। साथ ही कार्य को तय समय-सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश भी दिए।
वार्डवासियों से की चर्चा, समस्याओं के समाधान का भरोसा
निरीक्षण के दौरान महापौर ने वार्डवासियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने। नागरिकों ने क्षेत्र की विभिन्न मूलभूत समस्याओं से उन्हें अवगत कराया, जिस पर महापौर ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य प्रत्येक वार्ड में गुणवत्तापूर्ण विकास कार्य कर नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान एमआईसी सदस्य मुक्तिनाथ बबुआ, अमित शर्मा, क्षेत्र की पार्षद ज्योति यादव, भाजपा नेत्री लक्ष्मी वैष्णव, नगर निगम के संबंधित अधिकारी, इंजीनियर, ठेकेदार एवं बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।







