छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 56 नए सिविल जजों को मिली पहली पोस्टिंग

Advertisement

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने न्यायिक सेवा में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल रजनीश श्रीवास्तव द्वारा जारी विभिन्न आदेशों और अधिसूचनाओं के तहत 56 नए सिविल जज (जूनियर डिवीजन) को उनकी पहली पदस्थापना दी गई है। इसके साथ ही हायर ज्यूडिशियल सर्विस और लोअर ज्यूडिशियल सर्विस के कई न्यायिक अधिकारियों के तबादले और नई पदस्थापनाएं भी की गई हैं।

56 नए सिविल जजों को पहली पोस्टिंग

राज्य शासन द्वारा प्रोबेशन पर नियुक्त किए गए 56 नए सिविल जजों को पहली बार न्यायालयों में पदस्थ किया गया है। सभी नव-नियुक्त न्यायिक अधिकारियों को 29 अगस्त 2026 तक अपनी नई पदस्थापना वाले स्थान पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।

हायर ज्यूडिशियल सर्विस के 5 अधिकारियों का तबादला

हायर ज्यूडिशियल सर्विस में पांच न्यायिक अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। इनमें हरीश कुमार अवस्थी को दंतेवाड़ा परिवार न्यायालय से प्रथम अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश, रायपुर पदस्थ किया गया है।

इसी तरह ममता पटेल को अंबिकापुर से द्वितीय अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश, बिलासपुर बनाया गया है। ज्योति अग्रवाल को पेंड्रारोड से न्यायाधीश, राजनांदगांव पदस्थ किया गया है।

वहीं नमिता मिंज भास्कर को धमतरी से और एन सिंह साहू को राजनांदगांव से अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश (FTC), दंतेवाड़ा पदस्थ किया गया है।

नीरज शर्मा को रायपुर की विशेष अदालत की जिम्मेदारी

रायपुर के प्रथम अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश नीरज शर्मा को अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत रायपुर की विशेष अदालत का विशेष न्यायाधीश नियुक्त किया गया है।

अंबिकापुर में कमलेश जगदल्ला को अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश और स्मिता रत्नावत को अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश (POCSO) की जिम्मेदारी दी गई है।

सीनियर डिवीजन के अधिकारियों की भी नई पदस्थापना

सिविल जज सीनियर डिवीजन संवर्ग में भी कई न्यायिक अधिकारियों की नई पदस्थापना की गई है। सतीश कुमार खाखा को प्रतापपुर से मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM) एवं प्रथम सिविल जज सीनियर डिवीजन, मुंगेली पदस्थ किया गया है।

इसके अलावा भगवान दास पनिका को प्रतापपुर, श्वेता पटेल को छुईखदान, ईशान व्यास को दुर्ग और नीलेश जगदल्ला को राजनांदगांव पदस्थ किया गया है।

वहीं दुर्ग के द्वितीय अतिरिक्त जज रवि कुमार कश्यप को प्रतिनियुक्ति पर हाईकोर्ट में ऑफिसर ऑन स्पेशल ड्यूटी (OSD) नियुक्त किया गया है।

जूनियर डिवीजन के 7 जजों का भी तबादला

इसके अलावा सिविल जज जूनियर डिवीजन संवर्ग के 7 न्यायिक अधिकारियों के तबादले भी किए गए हैं। हाईकोर्ट द्वारा जारी आदेशों के अनुसार सभी संबंधित न्यायिक अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपनी नई पदस्थापना पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।

हाईकोर्ट के इस प्रशासनिक फेरबदल से प्रदेश के विभिन्न न्यायालयों में न्यायिक अधिकारियों की पदस्थापना और कार्य व्यवस्था में बदलाव होगा।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button