
रायपुर। छत्तीसगढ़ के भाटापारा निवासी 23 वर्षीय योगेश साहू इन दिनों कौन बनेगा करोड़पति के 18वें सीजन में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। छोटे शहर से निकलकर IIT बॉम्बे तक का सफर तय करने वाले योगेश ने KBC की हॉट सीट पर अपने सामान्य ज्ञान और समझ से प्रभावित किया।
50 लाख रुपये की रकम जीती
शो में योगेश साहू ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 50 लाख रुपये जीत लिए। वे 1 करोड़ रुपये के सवाल तक भी पहुंचे। उनके प्रदर्शन ने छत्तीसगढ़ के साथ-साथ देशभर में लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा है।
IIT बॉम्बे से की इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग
योगेश ने IIT बॉम्बे से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है। उनकी सफलता की कहानी भाटापारा जैसे छोटे शहर से शुरू होकर देश के प्रतिष्ठित तकनीकी संस्थान तक पहुंची।
18 लाख का पैकेज ठुकराया, IAS बनने का सपना
योगेश की कहानी इसलिए भी खास है क्योंकि IIT बॉम्बे से पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्हें कैंपस प्लेसमेंट के जरिए करीब 18 लाख रुपये का पैकेज मिला था। हालांकि उन्होंने नौकरी का यह अवसर छोड़ दिया।
योगेश का लक्ष्य UPSC परीक्षा पास कर IAS अधिकारी बनना है। इसी सपने को पूरा करने के लिए उन्होंने नौकरी के बजाय सिविल सेवा की तैयारी को प्राथमिकता दी।
छोटे शहर से बड़े सपने तक का सफर
योगेश साहू की कहानी उन युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो छोटे शहरों से निकलकर बड़े लक्ष्य हासिल करना चाहते हैं। शिक्षा, सामान्य ज्ञान और अपने लक्ष्य के प्रति स्पष्ट सोच के दम पर योगेश ने IIT बॉम्बे तक पहुंच बनाई और अब KBC की हॉट सीट पर भी अपनी पहचान बनाई है।






