रायगढ़

खरसिया को आधुनिक तहसील भवन की सौगात, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने किया लोकार्पण

Advertisement

खरसिया, 27 अगस्त 2026। खरसिया के नागरिकों को आधुनिक प्रशासनिक सुविधाओं की बड़ी सौगात मिली है। छत्तीसगढ़ शासन के वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने बुधवार को 2 करोड़ 75 लाख रुपए की लागत से नवनिर्मित संयुक्त तहसील भवन का लोकार्पण किया। दो मंजिला भवन में राजस्व, न्यायालय, निर्वाचन और नागरिक सेवाओं से जुड़े विभिन्न कार्यालय एक ही परिसर में संचालित होंगे।

एक परिसर में मिलेंगी कई प्रशासनिक सेवाएं

नए तहसील भवन में एसडीएम एवं तहसीलदार न्यायालय व कार्यालय, नायब तहसीलदार कक्ष, कानूनगो शाखा, भू-अर्जन शाखा, निर्वाचन शाखा, भुइयां शाखा, अभिलेखागार, केंद्रीय रिकॉर्ड रूम और सेवा सेतु/लोक सेवा केंद्र जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

इसके अलावा ट्रेजरी कार्यालय, सब-रजिस्ट्रार कार्यालय, खाद्य निरीक्षक एवं आपदा प्रबंधन कक्ष, मीटिंग हॉल, निर्वाचन स्ट्रांग रूम, ट्रेजरी स्ट्रांग रूम और अधिवक्ताओं के लिए कक्ष भी बनाए गए हैं। दिव्यांगजनों के लिए रैंप तथा महिला और पुरुष प्रसाधन की व्यवस्था की गई है।

नए भवन से खरसिया सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से राजस्व और प्रशासनिक कार्यों के लिए आने वाले हजारों नागरिकों को सुविधा मिलने की उम्मीद है।

विकास कार्यों के लिए 5 करोड़ की अतिरिक्त स्वीकृति

लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल घोषणाएं करना नहीं, बल्कि ऐसे विकास कार्य करना है, जिनसे जनता के जीवन में वास्तविक बदलाव आए।

उन्होंने खरसिया क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों के लिए 5 करोड़ रुपए की अतिरिक्त राशि की व्यवस्था/स्वीकृति कराने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों से चर्चा कर प्राथमिकता वाले कार्य तय किए जाएंगे।

आरओबी निर्माण सरकार की प्राथमिकता

वित्त मंत्री ने खरसिया के निर्माणाधीन आरओबी को भी महत्वपूर्ण परियोजना बताया। उन्होंने कहा कि करीब 67 करोड़ रुपए की लागत से बन रहे आरओबी का निर्माण पूरा कराकर जनता को इसका लाभ दिलाना सरकार की प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि विकास कार्यों को लेकर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप से आगे बढ़कर जनता के हित में काम करने की जरूरत है। उन्होंने खरसिया नगरपालिका द्वारा किए जा रहे स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, यूथ कॉम्प्लेक्स सहित अन्य विकास कार्यों की सराहना की। साथ ही कुसमुरा में कॉलेज भवन का निर्माण पूरा कराकर उसका लोकार्पण कराने की बात कही।

सांसद राधेश्याम राठिया ने जताया आभार

रायगढ़ लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया ने नए तहसील भवन के लिए वित्त मंत्री और जिला प्रशासन का आभार जताया। उन्होंने कहा कि खरसिया में आम जनता के लिए आधुनिक और व्यवस्थित तहसील कार्यालय उपलब्ध होना महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

उन्होंने उम्मीद जताई कि नए भवन से लोगों के प्रशासनिक और राजस्व संबंधी कार्य अधिक सुगमता से होंगे तथा उन्हें बेहतर सेवाएं मिलेंगी।

जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शिखा रवीन्द्र गबेल ने भी नए तहसील भवन के लोकार्पण पर क्षेत्र की जनता की ओर से आभार व्यक्त किया। नगर पालिका अध्यक्ष कमल गर्ग ने इसे खरसिया के लिए उत्सव का दिन बताते हुए कहा कि नए भवन से वर्षों से चली आ रही प्रशासनिक कार्यालय की असुविधाएं दूर होंगी।

अधिवक्ता संघ ने किया स्वागत

खरसिया अधिवक्ता संघ ने भी वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी का स्वागत किया। संघ ने कहा कि आधुनिक तहसील भवन से अधिवक्ताओं के साथ-साथ राजस्व और न्यायालयीन कार्यों के लिए आने वाले नागरिकों को भी बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती राजकुमारी दिलीप राठिया, जनपद पंचायत सदस्य बलदेव कुर्रे, श्रीमती सतबाई छोटेलाल, गिरधर गुप्ता, गोपाल शर्मा, महेश साहू, डॉ. हितेश गबेल, सनत नायक, विजय शर्मा, एसडीएम प्रवीण भगत सहित जनप्रतिनिधि, अधिवक्ता, प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी, गणमान्य नागरिक और पत्रकार उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ छत्तीसगढ़ महतारी के समक्ष दीप प्रज्वलन, वंदे मातरम् और राजगीत के साथ हुआ। इस अवसर पर वित्त मंत्री ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत अशोक का पौधा भी रोपा। कर्मा दलों ने वित्त मंत्री का आत्मीय स्वागत किया। अंत में एसडीएम खरसिया ने सभी अतिथियों और उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button