
26वीं राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन, बिलासपुर संभाग को दिलाया प्रथम स्थान
रायगढ़। रायगढ़ लॉन टेनिस अकादमी की प्रतिभावान खिलाड़ी वेदांशी सारस्वत ने 26वीं राज्य स्तरीय लॉन टेनिस प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया है। दुर्ग के बीएसपी टेनिस कॉम्प्लेक्स में आयोजित प्रतियोगिता में वेदांशी ने अंडर-14 बालिका वर्ग में अपनी प्रतिभा का प्रभावी प्रदर्शन किया और जिले के साथ प्रदेश का नाम रोशन किया।
टीम इवेंट में बिलासपुर संभाग को दिलाया पहला स्थान
प्रतियोगिता की शुरुआत 31 अगस्त को हुई थी। इसमें बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग, सरगुजा और बस्तर संभाग की टीमों ने हिस्सा लिया। रायगढ़ की टीम ने बिलासपुर संभाग का प्रतिनिधित्व किया।
अंडर-14 बालिका वर्ग के टीम इवेंट में वेदांशी ने विभिन्न संभागों की खिलाड़ियों के खिलाफ शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए सभी मुकाबलों में जीत दर्ज की। उनके प्रदर्शन की बदौलत बिलासपुर संभाग ने प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल किया।
नॉकआउट मुकाबलों में भी दिखाया दमदार खेल
राष्ट्रीय टीम के चयन के लिए आयोजित नॉकआउट इवेंट में भी वेदांशी ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा। उन्होंने एक के बाद एक मुकाबले जीतते हुए अंडर-14 बालिका वर्ग में राज्य में प्रथम रैंक हासिल की और स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
उनके खेल से प्रभावित होकर प्रतियोगिता में मौजूद विभिन्न संभागों के कोच, मैनेजर और अधिकारियों ने भी वेदांशी के प्रदर्शन की सराहना की।
दिल्ली में राष्ट्रीय स्तर पर दिखाएंगी प्रतिभा
स्वर्ण पदक जीतने वाली वेदांशी सारस्वत रायगढ़ के गार्जियन एंड गाइड इंग्लिश मीडियम स्कूल में कक्षा आठवीं की छात्रा हैं। उनके पिता प्रशांत सारस्वत और माता कीर्ति सारस्वत हैं।
प्रतियोगिता का समापन 3 सितंबर को बीएसपी टेनिस कॉम्प्लेक्स में हुआ। समापन समारोह में अतिथियों ने वेदांशी को पदक पहनाकर सम्मानित किया और राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया। वेदांशी का राष्ट्रीय स्तर के लिए प्रथम रैंक पर चयन हुआ है। वह आगामी 15 अक्टूबर को रायगढ़ से दिल्ली के लिए रवाना होंगी।
कोच अपूर्व जैन ने सहयोगी प्रशिक्षकों का जताया आभार
रायगढ़ लॉन टेनिस अकादमी के कोच अपूर्व जैन ने वेदांशी की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए बताया कि उनकी अनुपस्थिति में बिलासपुर के कोच ऐश्वर्य और मुकता दीदी ने प्रत्येक मुकाबले में वेदांशी को आवश्यक टिप्स और मार्गदर्शन दिया। उन्होंने प्रतियोगिता के दौरान मिले सहयोग के लिए सभी को बधाई दी।
खेल जगत से मिल रही बधाइयां
वेदांशी की इस उपलब्धि पर खेल अधिकारी जीवन नायक, डॉ. यश चड्ढा सहित अकादमी के अन्य सदस्यों ने उन्हें और उनके माता-पिता को बधाई दी। सभी ने राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए वेदांशी को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।






