कांकेर में नक्सलियों की बड़ी साजिश नाकाम, जंगल में मिला 3 किलो का प्रेशर कुकर IED

मोरखण्डी और हिंदुर के बीच सर्चिंग के दौरान बरामद हुआ विस्फोटक, बीडीएस टीम ने मौके पर किया निष्क्रिय
सर्चिंग अभियान में मिला विस्फोटक
छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। छोटेबेठिया थाना क्षेत्र के ग्राम मोरखण्डी और हिंदुर के बीच जंगल-पहाड़ी इलाके में सर्चिंग के दौरान जवानों ने करीब 3 किलोग्राम वजनी प्रेशर कुकर IED बरामद किया है। समय रहते विस्फोटक का पता चलने से नक्सलियों की संभावित साजिश नाकाम हो गई।
संयुक्त टीम ने सुरक्षित तरीके से किया नष्ट
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 20 नवंबर को जिला पुलिस बल, बीएसएफ और बीडीएस की संयुक्त टीम जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में सर्चिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान मोरखण्डी और हिंदुर गांव के मध्य संदिग्ध प्रेशर कुकर IED दिखाई दिया। जांच में इसका वजन लगभग 3 किलोग्राम पाया गया। इसके बाद मौके पर मौजूद बीडीएस टीम ने निर्धारित सुरक्षा प्रक्रिया के तहत IED को निष्क्रिय कर नष्ट कर दिया।
सीमावर्ती इलाकों में लगातार चल रहा अभियान
इस कार्रवाई में बीएसएफ की 94वीं वाहिनी बांदे के इंस्पेक्टर सुशील कुमार और बीएसएफ बीडीएस टीम के कमांडर मनोज कुमार शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में जिले के संवेदनशील और नक्सल प्रभावित सीमावर्ती क्षेत्रों में संयुक्त सर्चिंग अभियान लगातार चलाया जा रहा है। सुरक्षा बलों का उद्देश्य क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखना है।
सुकमा में विस्फोटक नष्ट करने के दौरान घायल हुए थे चार जवान
गौरतलब है कि इससे पहले 28 अक्टूबर 2026 को सुकमा जिले के कोंटा क्षेत्र में विस्फोटकों को नष्ट करने के दौरान हुए धमाके में सीआरपीएफ के चार जवान घायल हो गए थे। जानकारी के मुताबिक, विभिन्न कैंपों में रखे अनुपयोगी विस्फोटकों को सुरक्षित तरीके से नष्ट करने के लिए जगदलपुर से एम्युनिशन टेक्नीशियन टीम (ATT) बुलाई गई थी। टीम 50वीं वाहिनी के एलारमडगु कैंप पहुंची थी। कैंप से करीब 200 मीटर दूर बोदराजपादर नाला के पास निर्धारित प्रक्रिया के तहत विस्फोटक नष्ट किए जा रहे थे। इसी दौरान एक विस्फोटक का टुकड़ा उछलकर जवानों के पास जा गिरा, जिससे जोरदार धमाका हो गया।
उपचार के बाद सभी जवान सुरक्षित
धमाके में ATT के एएसआई एम.के. तिवारी और 50वीं वाहिनी के एएसआई अनीश खान गंभीर रूप से घायल हुए थे। वहीं, ATT के निरीक्षक अमरनाथ मिश्रा और 50वीं वाहिनी के प्रधान आरक्षक कुलदीप राज को सामान्य चोटें आई थीं। घटना के तत्काल बाद सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए कोंटा के शासकीय अस्पताल ले जाया गया। उपचार के बाद सभी जवानों की स्थिति सुरक्षित बताई गई।





