छत्तीसगढ़

महानदी का जलस्तर बढ़ने से सरिया के कई गांव बाढ़ की चपेट में, ओपी चौधरी नाव से पहुंचे प्रभावितों के बीच

Advertisement

वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ने बोरिदा, ठेंगागुरी और तोरा का किया दौरा; अधिकारियों को राहत सामग्री और सुरक्षित निकासी की व्यवस्था के निर्देश

रायगढ़। चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के प्रभाव से महानदी का जलस्तर बढ़ने के कारण रायगढ़ विधानसभा क्षेत्र के सरिया तहसील के कई गांवों में बाढ़ की स्थिति निर्मित हो गई है। स्थिति का जायजा लेने के लिए वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी स्वयं प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचे।

वित्त मंत्री ने राहत एवं बचाव दल के साथ नाव के जरिए जलमग्न बोरिदा, ठेंगागुरी और तोरा गांवों का दौरा किया। उन्होंने ग्रामीणों से मुलाकात कर बाढ़ के कारण उत्पन्न परिस्थितियों और लोगों को हो रही परेशानियों की जानकारी ली।

नाव से गांवों में पहुंचे, ग्रामीणों से किया सीधा संवाद

चारों ओर पानी से घिरे गांवों में पहुंचकर ओपी चौधरी ने प्रभावित परिवारों से बातचीत की। उन्होंने बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों और युवाओं का हालचाल जाना तथा उनकी तत्काल जरूरतों के बारे में जानकारी ली।

उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि बाढ़ की इस स्थिति में राज्य सरकार और प्रशासन प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए पूरी तरह सक्रिय हैं। लोगों की सुरक्षा और आवश्यक राहत पहुंचाना प्राथमिकता में रखा गया है।

“चिंता न करें, सरकार और प्रशासन आपके साथ”

प्रभावित ग्रामीणों से बातचीत के दौरान वित्त मंत्री ने कहा कि बाढ़ की स्थिति में लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। राहत और बचाव दल लगातार मौके पर काम कर रहे हैं तथा जरूरत के अनुसार प्रभावित लोगों को सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित गांवों में भोजन, स्वच्छ पेयजल, दवाइयां और स्वास्थ्य सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की जरूरतों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए गए।

जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश

ओपी चौधरी ने अधिकारियों से कहा कि यदि किसी क्षेत्र में जलस्तर बढ़ने के कारण लोगों के लिए खतरा पैदा होता है, तो प्रभावित परिवारों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाए। उन्होंने राहत एवं बचाव कार्यों में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरतने और जमीनी स्थिति के अनुसार तत्काल निर्णय लेने के निर्देश दिए।

महानदी के जलस्तर पर लगातार नजर

वित्त मंत्री ने कहा कि महानदी के जलस्तर और प्रभावित गांवों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। परिस्थितियों के अनुसार राहत एवं बचाव कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा।

प्रशासन और राहत दलों को प्रभावित परिवारों तक आवश्यक सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं। बाढ़ की स्थिति के बीच प्रशासन की प्राथमिकता लोगों को सुरक्षित रखना और जरूरतमंद परिवारों को तत्काल राहत उपलब्ध कराना है।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button