अमिताभ बच्चन के घर ‘जलसा’ को फिर मिली बम से उड़ाने की धमकी, मुंबई में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

बीते कुछ हफ्तों में तीसरी बार आया धमकी भरा ई-मेल, महापौर कार्यालय से लेकर एयरपोर्ट तक कई स्थानों का जिक्र
बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन के मुंबई स्थित आवास ‘जलसा’ को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिली है। बीते कुछ हफ्तों के भीतर यह तीसरी बार है, जब अभिनेता के घर समेत मुंबई के कई प्रमुख स्थानों को निशाना बनाने वाला धमकी भरा ई-मेल सामने आया है। सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं।
कई प्रमुख स्थानों को बनाया गया निशाना
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, धमकी भरे ई-मेल में अमिताभ बच्चन के जुहू स्थित बंगले ‘जलसा’ के अलावा मुंबई के महापौर कार्यालय, एक बैंक, अदालत, महालक्ष्मी रेसकोर्स और छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का भी उल्लेख किया गया है। ई-मेल में नगर निगम का नाम भी शामिल बताया गया है।
बम निरोधक दस्ते ने शुरू की जांच
धमकी मिलने के बाद पुलिस, बम निरोधक दस्ते और सुरक्षा टीमों ने संबंधित स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया। शुरुआती जांच के दौरान किसी भी जगह से संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है। सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं।





