पेंशन सिर्फ़ चंद रुपये नहीं, बल्कि एक सेवानिवृत्त व्यक्ति का आत्मसम्मान होता है:-राजा शर्मा

सिंहघोष/रायगढ़-१०.०३.२२- बजट सत्र 2022-2023 में प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा राज्य के अधिकारी-कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना लागू किए जाने की घोषणा का स्वागत करते हुए किसान कांग्रेस के जिलाध्यक्ष राजा शर्मा ने इसे ऐतिहासिक फैसला बताया है।
राजा शर्मा ने कहा कि 62 वर्षों तक अपना जीवन सरकार की सेवा में लगाने वाले किसी सरकारी मुलाजिम की सेवानिवृत्ति के पश्चात उसकी सामाजिक व आर्थिक सुरक्षा की गारंटी समझी जाने वाली पुरानी पेंशन योजना की बहाली निश्चित ही एक ऐतिहासिक कदम है। इससे प्रदेश के पौने चार लाख अधिकारी-कर्मचारियों में इस कल्याणकारी निर्णय से खुशी का माहौल है और प्रदेश में अनेकों जगह पटाखे फोड़कर, एक-दूसरे को गुलाल लगाकर कर्मचारी अपनी खुशी का इजहार कर रहे हैं। पुरानी पेंशन योजना की बहाली कर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कर्मचारियों को अब तक का अपना नायाब तोहफा दिया है।
किसान कांग्रेस के जिलाध्यक्ष राजा शर्मा ने इस फैसले पर आगे कहा कि पेंशन सिर्फ़ चंद रुपयों की राशि मात्र नहीं होती, बल्कि ये बुढ़ापे की ऐसी चादर होती है जिससे एक रिटायर आदमी अपनी इज्जत को ढँकता है। पेंशन एक सेवानिवृत्त व्यक्ति का आत्मसम्मान होता है जो उसे दूसरों पर बोझ बनने से बचाता है। उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस पार्टी और हमारे संवेदनशील मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की हमेशा से यही नीति रही है कि हर वर्ग के स्वाभिमान का खयाल रखा जाए और सभी वर्ग के साथ न्याय हो। वर्ष-2004 में एनडीए की तत्कालीन सरकार ने अपने जिस कर्मचारी विरोधी फैसले को पूरे देश पर थोप दिया था उस दंश से आज प्रदेश के अधिकारी-कर्मचारियों को मुख्यमंत्री ने निजात दिलाई है। राजा शर्मा ने इस निर्णय को कर्मचारी हित में लिया गया सबसे बड़ा कदम बताते हुए वर्ष-2004 के बाद नियुक्त प्रदेश के सभी अधिकारी-कर्मचारियों को बधाई दी है।