करूर (तमिलनाडु) में विजय की रैली में भगदड़: 39 की मौत, 67 घायल

मृतकों में 10 बच्चे और 16 महिलाएं, 38 शव परिजनों को सौंपे गए
करूर (तमिलनाडु) – तमिल अभिनेता विजय की रैली में शुक्रवार को हुए भीषण हादसे ने पूरे प्रदेश को दहला दिया। इस भगदड़ में अब तक 39 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। मृतकों में 10 बच्चे और 16 महिलाएं शामिल हैं। प्रशासन के अनुसार 38 शवों की पहचान कर ली गई है और पोस्टमार्टम के बाद उन्हें परिजनों को सौंप दिया गया है।
अधिकांश मृतक करूर जिले के निवासी
सूत्रों के अनुसार, मृतकों में से 28 लोग करूर जिले के निवासी थे। सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि एक ही गांव के 7 लोगों ने इस हादसे में अपनी जान गंवाई।
मासूम बच्चियां और गर्भवती महिला का परिवार तबाह
इस भगदड़ में दो मासूम बच्चियों ने भी अपनी जान गंवा दी। करूर जिले के विश्वनाथपुरी इलाके की हेमलता और उनकी दो बेटियों की मौत ने पूरे इलाके को शोकाकुल कर दिया।
वहीं, तिरुचिरापल्ली जिले के निवासी थामरैक्कन्नन की भी इस हादसे में मौत हो गई। उनकी शादी को अभी एक साल ही हुआ था और उनकी पत्नी 9 महीने की गर्भवती है। यह खबर सामने आते ही लोगों की आंखें नम हो गईं।
प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की जानकारी
डिंडीगुल जिला कलेक्टर एस. सरवनन और तमिलनाडु के स्वास्थ्य सचिव पी. सेंथिल कुमार ने घायलों के स्वास्थ्य को लेकर अपडेट दिया। स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि अब तक 38 मृतकों की शिनाख्त कर शव उनके परिवारों को सौंप दिए गए हैं।
घायलों का इलाज जारी
हादसे में 67 लोग घायल हुए हैं। इनमें से 2 की हालत गंभीर बताई गई है, जिनमें से एक को बेहतर इलाज के लिए मदुरै रेफर किया गया है। बाकी घायलों की हालत स्थिर है और उन्हें जल्द ही डिस्चार्ज कर घर भेजा जाएगा।






