रायपुर कलेक्ट्रेट में बड़ा हादसा, रिकॉर्ड रूम की छत गिरी

छुट्टी होने से टला बड़ा हादसा, कई अहम फाइलें मलबे में दब गईं
रायपुर । राजधानी रायपुर में रविवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। कलेक्ट्रेट परिसर के एंग्लो रिकॉर्ड सेल के कमरे की छत अचानक गिर गई। गनीमत रही कि घटना के समय रविवार का अवकाश था और कमरे में कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था। हालांकि, इस कक्ष में रखी गई कई महत्वपूर्ण फाइलें मलबे और धूल में दब गईं। प्रशासन ने एहतियातन कमरे को सील कर दिया है।
छुट्टी का दिन बना सुरक्षा कवच
शुरुआती जानकारी के अनुसार, सुबह अचानक जोरदार आवाज के साथ कमरे की छत का बड़ा हिस्सा ढह गया। उस समय कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था, जिससे बड़ी जनहानि टल गई। बताया जाता है कि सामान्य दिनों में इस कमरे में सैकड़ों लोग अपना काम लेकर पहुंचते हैं।
लंबे समय से नहीं हुई मरम्मत
यह हादसा आंग्ल अभिलेख कोष्ठ (अंग्रेजी अभिलेख कोर्ट) के कक्ष में हुआ। घटना के बाद पूरे कमरे में धूल का गुबार फैल गया। मौके पर पहुंचे कर्मचारियों ने तुरंत अधिकारियों को इसकी जानकारी दी। बताया जा रहा है कि रायपुर कलेक्ट्रेट भवन की लंबे समय से मरम्मत नहीं हुई है और जर्जर हो चुके भवन में रोजाना सैकड़ों लोग अपनी फाइलें और रिकॉर्ड संबंधी कामकाज के लिए आते हैं।
क्या बोले अधिकारी
एडिशनल कलेक्टर मनीष मिश्रा ने घटना की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि अंग्रेजी अभिलेख कोर्ट का यह कमरा सन 1915 में निर्मित है और काफी कमजोर स्थिति में था। रविवार को उसकी छत गिर गई। सूचना मिलते ही संबंधित विभाग के कर्मचारियों को बुलाकर मलबा हटाने और रिकॉर्ड को व्यवस्थित करने का काम किया गया।
अधिकारियों के अनुसार, इस कमरे में पुराने कर्मचारियों की पेंशन संबंधित फाइलें और रिकॉर्ड रखे हुए थे। भवन की जर्जर स्थिति को देखते हुए इंजीनियरों और संबंधित विभाग को तत्काल जांच के निर्देश दिए गए हैं।
हाल ही में फैक्ट्री हादसे से दहली थी राजधानी
गौरतलब है कि इससे पहले शुक्रवार को रायपुर के धरसींवा थाना क्षेत्र स्थित सिलतरा इंडस्ट्रियल एरिया की गोदावरी पावर एंड इस्पात फैक्ट्री में बड़ा हादसा हुआ था। फैक्ट्री के अंदर टेंपरेचर कंट्रोल मशीन का मुआयना कर रहे मजदूरों पर अचानक लोहे का भारी शेड गिर पड़ा। इस दर्दनाक हादसे में 6 मजदूरों की मौके पर मौत हो गई थी, जबकि कई अन्य घायल हो गए थे।












