टी20 विश्व कप 2026: आज नामीबिया से भिड़ेगा भारत, बुमराह की वापसी लगभग तय

नई दिल्ली। टी20 विश्व कप 2026 के अपने दूसरे मुकाबले में भारतीय टीम आज दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में नामीबिया से भिड़ेगी। कप्तान सूर्यकुमार यादव की अगुवाई में टीम इंडिया टूर्नामेंट में अपनी जीत की लय बरकरार रखने के इरादे से उतरेगी।
पहले मुकाबले में अमेरिका के खिलाफ तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह बुखार के कारण नहीं खेल पाए थे। हालांकि अब वे पूरी तरह फिट बताए जा रहे हैं और नेट्स में गेंदबाजी अभ्यास भी कर चुके हैं। ऐसे में नामीबिया के खिलाफ उनकी प्लेइंग इलेवन में वापसी लगभग तय मानी जा रही है। यदि बुमराह टीम में लौटते हैं तो मोहम्मद सिराज को बाहर बैठना पड़ सकता है। बुमराह की मौजूदगी खासकर डेथ ओवरों में भारतीय गेंदबाजी को और धार देगी।
भारत ने अपने पहले मैच में जीत दर्ज की थी, जबकि नामीबिया को इसी मैदान पर नीदरलैंड के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। ऐसे में नामीबिया वापसी की कोशिश करेगा, वहीं भारत जीत का सिलसिला जारी रखना चाहेगा।
अभिषेक शर्मा की फिटनेस पर सस्पेंस
भारतीय टीम के लिए सबसे बड़ी चिंता सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा की सेहत को लेकर है। पेट में संक्रमण और बुखार के कारण उन्हें दिल्ली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालांकि अब उन्हें छुट्टी मिल चुकी है, लेकिन नामीबिया के खिलाफ उनकी उपलब्धता पर संशय बना हुआ है।
यदि अभिषेक इस मुकाबले में नहीं खेल पाते हैं, तो संजू सैमसन को ओपनिंग का मौका मिल सकता है। सैमसन आक्रामक बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं और पावरप्ले में तेज शुरुआत देने की क्षमता रखते हैं।
अमेरिका के खिलाफ मुकाबले में कप्तान सूर्यकुमार यादव को छोड़कर बाकी बल्लेबाज अपेक्षित प्रभाव नहीं छोड़ सके थे। 15 फरवरी को पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले हाई-वोल्टेज मुकाबले से पहले यह मैच भारतीय बल्लेबाजों के लिए फॉर्म में लौटने का अहम अवसर साबित हो सकता है।
भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन
संजू सैमसन, ईशान किशन, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), रिंकू सिंह, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह।












