22 फरवरी को होगी CGPSC राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2025

रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2025 की तिथि घोषित कर दी है। यह परीक्षा 22 फरवरी 2026 को प्रदेश के सभी 33 जिलों में निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी।
आयोग द्वारा परीक्षा के प्रवेश पत्र जारी कर दिए गए हैं। अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट www.psc.cg.gov.in से अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं।
लोक सेवा आयोग के परीक्षा नियंत्रक ने बताया कि परीक्षा की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। प्रदेशभर में परीक्षा को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से पहले पहुंचें तथा अपने साथ प्रवेश पत्र और वैध फोटो पहचान पत्र अनिवार्य रूप से लेकर जाएं।
दो पालियों में आयोजित होगी परीक्षा
आयोग की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, इस परीक्षा के माध्यम से कुल 265 पदों पर भर्ती की जाएगी। परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी—
- प्रथम पाली: सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक
- द्वितीय पाली: दोपहर 3:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक
अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे परीक्षा संबंधी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें और समय से पूर्व परीक्षा केंद्र पर पहुंचकर किसी भी प्रकार की असुविधा से बचें।












