प्रशासन ने एस्मा का हवाला देकर बल पूर्वक हटाया पंडाल…।।

पटवारी बोले पेड़ के नीचे बैठकर भी जारी रखेंगे विरोध,मांग माने सरकार..।।
सिंहघोष/रायगढ़.15.06.23-पिछले 32 दिनों से जारी पटवारी संघ के हड़ताल को खत्म करने के उद्देश्य से राज्य शासन ने एस्मा लागू किया है। जिसका पालन कराने प्रशासन की तरफ से एसडीएम गगन शर्मा और तहसीलदार लोमस मिरी धरना स्थल मिनी स्टेडियम पहुंचे।
उन्होंने पहले प्रशासन के निर्देश को पढ़कर हड़ताली पटवारियों को सुनाया,फिर उन्हे काम पर वापस लौटने को कहा और उन्हे नोटिस देने का प्रयास किया,परंतु पटवारियों ने नोटिस लेने से इंकार कर दिया।
इसके पश्चात एसडीएम गगन शर्मा ने निगम और पुलिस की टीम को बुला कर धरना स्थल से पंडाल हटाने का निर्देश दिया। हालाकि पटावरियों ने पंडाल हटाने का विरोध नही किया। लेकिन राज्य सरकार के विरुद्ध जमकर नारेबाजी करते रहे।
एसडीएम गगन शर्मा ने बताया कि एस्मा कानून के अंतर्गत राज्य शासन की आवश्यक सेवाओं को बाधित नही किया जा सकता है इसे ध्यान में रखते हुए,आज पटवारी संघ को काम पर वापस लौटने का निर्देश दिया गया है। परंतु उन्होंने हड़ताल खत्म कर काम पर कब लौटेंगे इसका कोई स्पष्ट आश्वासन नहीं दिया गया है।
तहसीलदार लोमस मिरि ने बताया कि हम प्रयास कर रहे है हड़ताली पटवारी काम पर जल्दी वापस लौटें। यदि वे कुछ और दिन नही लौटते तो भी आम नागरिकों को कोई परेशानी न हो इसकी वैकल्पिक व्यवस्था प्रशासन के द्वारा की गई है। अभी आर आई पटवारियों के काम कर रहे है।
पटवारी संघ के जिला अध्यक्ष सुधीर पंडा ने कहा कि हम प्रांतीय संघ के निर्णय के बाद ही हड़ताल वापस लेंगे। फिलहाल दो बार राज्य सरकार के सचिव से हमारी बैठक हो चुकी है जो बेनतीजा रही है। सरकार हमारी जायज मांगों को भी मानने के लिए तैयार नही है। हमारा पंडाल भले ही हटा लिया जाएं,तो भी हम सब पेड़ के नीचे बैठकर अपनी मांग पूरी होते तक विरोध जारी रखेंगे।।












