सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से टकराई बाइक, युवक की मौत; पिता-पुत्र गंभीर घायल

रायगढ़। चक्रधरनगर थाना क्षेत्र में सड़क किनारे बिना इंडिकेटर खड़े ट्रेलर से बाइक टकराने के कारण दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हादसे में बाइक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक में सवार दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों का उपचार मेडिकल कॉलेज अस्पताल में जारी है।
पैसे निकालने बंगुरसिया गया था परिवार
जानकारी के अनुसार ग्राम देवबहाल निवासी आनंद राठिया पिता लक्ष्मीनारायण राठिया (41 वर्ष) अपने गांव के नेतराम राठिया और उसके बेटे को लेकर बाइक से बंगुरसिया लोकसेवा केंद्र पैसे निकालने गया था। पैसे निकालने के बाद शाम हो गई। इसके बाद तीनों बाजार का काम निपटाकर रात करीब 8 बजे बाइक से अपने गांव लौट रहे थे।
अंधेरे में खड़े ट्रेलर से टकराई बाइक
बताया जा रहा है कि तीनों जब मां मंगला प्लांट के पास पहुंचे, तभी कच्ची सड़क के किनारे एक ट्रेलर खड़ा था। आरोप है कि ट्रेलर चालक ने वाहन को बिना इंडिकेटर लगाए सड़क किनारे खड़ा कर दिया था। अंधेरा होने के कारण बाइक चालक आनंद राठिया को ट्रेलर दिखाई नहीं दिया और बाइक पीछे से ट्रेलर से जा टकराई।
चालक की मौके पर मौत, दो घायल
टक्कर इतनी जोरदार थी कि आनंद राठिया को गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं नेतराम राठिया और उसका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर परिजन तीनों को देर रात मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद आनंद को मृत घोषित कर दिया। दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कर उपचार किया जा रहा है।
पुलिस ने मर्ग कायम कर शव परिजनों को सौंपा
घटना की सूचना मिलने पर शुक्रवार सुबह चक्रधरनगर पुलिस अस्पताल पहुंची। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया और इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
ग्रामीणों ने किया चक्काजाम
हादसे के बाद शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने घटनास्थल पर चक्काजाम कर दिया। ग्रामीणों का आरोप था कि प्लांट क्षेत्र में ट्रेलर चालक अक्सर बिना इंडिकेटर के सड़क किनारे वाहन खड़े कर देते हैं, जिससे लगातार दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।
चक्काजाम की सूचना मिलते ही चक्रधरनगर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया।








