कॉलेजों में प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ी, अब 31 अगस्त तक मिलेगा दाखिला

रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन के उच्च शिक्षा विभाग ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कॉलेजों में प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ाकर 31 अगस्त 2026 कर दी है। प्रदेश के जिन शासकीय और निजी महाविद्यालयों में अभी भी सीटें रिक्त हैं, वहां विद्यार्थी निर्धारित तिथि तक दाखिला ले सकेंगे। उच्च शिक्षा विभाग ने इस संबंध में विधिवत आदेश जारी कर दिया है।
छात्रहित में लिया गया फैसला
उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि सरकार का मूल ध्येय प्रदेश के अंतिम व्यक्ति तक शिक्षा का प्रकाश पहुंचाना है। दूरस्थ और ग्रामीण अंचलों के कई मेधावी युवा विभिन्न व्यावहारिक कठिनाइयों के कारण समय पर प्रवेश नहीं ले सके थे। सरकार नहीं चाहती कि तिथियों के फेर में किसी योग्य विद्यार्थी का एक साल खराब हो या वह उच्च शिक्षा से वंचित रह जाए।
उन्होंने कहा कि छात्रहित को सर्वोपरि रखते हुए प्रवेश की तारीख 31 अगस्त तक बढ़ाई गई है। मंत्री ने सभी विद्यार्थियों से अपील की कि वे इस अवसर का पूरा लाभ उठाते हुए समय सीमा के भीतर कॉलेज में प्रवेश सुनिश्चित करें।
पहले 14 अगस्त तक थी अंतिम समय सीमा
उल्लेखनीय है कि इससे पहले उच्च शिक्षा विभाग के आदेश के अनुसार प्राचार्य स्तर पर प्रवेश की समय सीमा 31 जुलाई तक निर्धारित थी। इसके बाद कुलपति की अनुमति से 14 अगस्त तक प्रवेश की सुविधा दी गई थी। निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद भी प्रदेश के कई महाविद्यालयों में सीटें रिक्त रह गई थीं।
ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को मिलेगी राहत
दूर-दराज और ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले कई अभ्यर्थी विभिन्न कारणों से निर्धारित समय पर आवेदन एवं प्रवेश प्रक्रिया पूरी नहीं कर पाए थे। ऐसे विद्यार्थियों को ध्यान में रखते हुए शासन ने प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ाने का निर्णय लिया है। अब रिक्त सीटों वाले महाविद्यालयों में विद्यार्थी 31 अगस्त 2026 तक प्रवेश ले सकेंगे।
सरकार के इस निर्णय से उन विद्यार्थियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है, जो किसी कारणवश अब तक कॉलेज में दाखिला नहीं ले पाए हैं।






