नशा मुक्त युवा अभियान : PM मोदी ने किया शुभारंभ, बोले- विकसित भारत के लिए युवाओं का स्वस्थ रहना जरूरी

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान” का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने देशभर के 28 हजार से अधिक स्थानों से जुड़े एक करोड़ से ज्यादा युवाओं का स्वागत करते हुए कहा कि यह अभियान केवल एक सरकारी पहल नहीं, बल्कि व्यक्ति, परिवार, समाज और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य का संकल्प है।
विकसित भारत के लिए नशामुक्त युवा जरूरी
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि विकसित भारत 2047 का लक्ष्य तभी पूरा होगा, जब देश का युवा शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहेगा। उन्होंने युवाओं से नशे और ड्रग्स जैसी घातक आदतों से दूर रहने तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की।
हर रविवार होंगे जनजागरूकता कार्यक्रम
सरकार के अनुसार, यह अभियान MY Bharat के युवा स्वयंसेवकों के नेतृत्व में देशभर में जनभागीदारी के रूप में संचालित किया जाएगा। इसके तहत प्रत्येक रविवार नशे के दुष्प्रभावों को लेकर जागरूकता कार्यक्रम, सामाजिक गतिविधियां और युवाओं की सहभागिता से जुड़े आयोजन किए जाएंगे।
युवाओं की भागीदारी से बनेगा नशामुक्त समाज
प्रधानमंत्री ने कहा कि युवाओं की ऊर्जा और क्षमता का सकारात्मक उपयोग देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखते हुए स्वस्थ, जागरूक और जिम्मेदार समाज का निर्माण करना है।







