कबीरधाम हादसा : मोबाइल चलाने को लेकर डांट के बाद आठवीं की छात्रा ने लगाई फांसी, जांच में जुटी पुलिस

कवर्धा। जिले के बोड़ला से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां आठवीं कक्षा की छात्रा ने कथित रूप से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। प्रारंभिक जांच में मोबाइल चलाने को लेकर परिजनों द्वारा डांट लगाए जाने के बाद छात्रा द्वारा यह कदम उठाने की बात सामने आई है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
कमरे में फंदे पर मिला छात्रा का शव
जानकारी के अनुसार मृतिका की पहचान प्रगति मरकाम के रूप में हुई है। वह अपने परिवार के साथ बोड़ला में किराए के मकान में रहती थी और आठवीं कक्षा में अध्ययनरत थी।
बताया जा रहा है कि बीती रात मोबाइल चलाने को लेकर परिजनों ने छात्रा को समझाइश देते हुए डांट लगाई थी। इसके कुछ समय बाद छात्रा ने कमरे में जाकर पंखे से फांसी लगा ली।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने पर बोड़ला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि आत्महत्या के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।







