कानन पेंडारी के पास भीषण सड़क हादसा, रेलिंग का सरिया युवकों के पेट में घुसा, दो की हालत गंभीर

बिलासपुर, 31 जुलाई 2026। सकरी थाना क्षेत्र के कानन पेंडारी के पास गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवक घायल हो गए। तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगी लोहे की रेलिंग से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि रेलिंग का सरिया दो युवकों के पेट में घुस गया। दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है।
तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तीनों युवक मुंगेली जिले के पेंड्रीडीह, जरहागांव के निवासी हैं। वे अपने एक दोस्त को लेने बिलासपुर आए थे, लेकिन मित्र के पहले ही लौट जाने पर तीनों बाइक से वापस गांव जा रहे थे। इसी दौरान कानन पेंडारी के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर रेलिंग से टकरा गई।
दो युवकों की हालत नाजुक
हादसे में अब्राहम और प्रियांशु गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर के बाद एक युवक के पेट में रेलिंग का सरिया फंस गया, जबकि दूसरे युवक के पेट में घुसा लोहे का पाइप प्रारंभिक उपचार के दौरान निकाला गया। तीसरे युवक को मामूली चोटें आई हैं और वह खतरे से बाहर बताया जा रहा है।
पुलिस ने पहुंचाया अस्पताल
घटना के बाद राहगीरों ने घायलों के मोबाइल से उनके परिजनों को सूचना दी और डायल-112 तथा पुलिस को बुलाया। सकरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल सिम्स अस्पताल पहुंचाया।
अपोलो अस्पताल में जारी है इलाज
सिम्स अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद दोनों गंभीर घायलों की स्थिति चिंताजनक होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए अपोलो अस्पताल रेफर किया गया। चिकित्सकों के अनुसार दोनों की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है।







