Korea Road Accident: पिकअप ने बैल को मारी टक्कर, सामने से आ रहे ऑटो से भिड़ी; 3 महिलाओं की मौत

करहीपारा से बिलारी कार्यक्रम में जा रही थीं 13–14 महिलाएं, हादसे में 8 से 10 घायल; 2–3 की हालत गंभीर
कोरिया। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में पटना–पंडोपारा मार्ग पर रविवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार पिकअप ने सड़क पर जा रहे एक बैल को जोरदार टक्कर मार दी। इसके बाद अनियंत्रित पिकअप सामने से आ रहे ऑटो से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और सड़क से करीब दो फीट नीचे जा गिरा।
ऑटो में सवार थीं 13 से 14 महिलाएं
जानकारी के अनुसार ऑटो में करीब 13 से 14 महिलाएं सवार थीं, जो करहीपारा से बिलारी गांव में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रही थीं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू करते हुए घायलों को पटना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
उपचार के दौरान तीन महिलाओं की मौत
अस्पताल में उपचार के दौरान तीन महिलाओं की मौत की पुष्टि होने की जानकारी सामने आई है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक मृतकों में फूलकुंवर (45), रामबाई (62) और फूलकुंवर (52) के नाम बताए जा रहे हैं।
वहीं हादसे में 8 से 10 लोगों के घायल होने की जानकारी है। इनमें से 2 से 3 घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है।
प्रशासनिक पुष्टि का इंतजार
हादसे में मृतकों की संख्या और उनकी पहचान को लेकर अभी प्रशासनिक स्तर पर आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। पुलिस और प्रशासन की ओर से हादसे के कारणों तथा घटना से जुड़ी अन्य जानकारियों की जांच की जा रही है।






