रामगढ़ में स्पंज आयरन फैक्ट्री में जोरदार ब्लास्ट, आग में झुलसने से 3 इंजीनियरों की मौत

रामगढ़। रामगढ़ जिले में शुक्रवार रात एक स्पंज आयरन फैक्ट्री में जोरदार ब्लास्ट के बाद भीषण आग लग गई। हादसे में फैक्ट्री में काम कर रहे तीन इंजीनियरों की झुलसने से मौत हो गई, जबकि एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद फैक्ट्री परिसर में अफरातफरी मच गई।
पावर प्लांट में अचानक हुआ धमाका
जानकारी के अनुसार, पतरातू ब्लॉक के बरकाकाना ओपी क्षेत्र अंतर्गत हेहल स्थित मां छिन्नमस्तिका सीमेंट एवं इस्पात प्राइवेट लिमिटेड के पावर प्लांट में शुक्रवार रात अचानक जोरदार धमाका हुआ। धमाके के तुरंत बाद आग तेजी से फैल गई। आग की चपेट में आने से वहां मौजूद तीन इंजीनियर गंभीर रूप से झुलस गए।
तीन इंजीनियरों की मौत
हादसे में झुलसे तीनों इंजीनियरों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान रांची निवासी और फैक्ट्री के शिफ्ट इंचार्ज 50 वर्षीय संजीव कुमार केसरी, बोकारो निवासी 25 वर्षीय विनीत महतो और गढ़वा निवासी 24 वर्षीय अभिषेक पांडेय के रूप में हुई है।
मजदूर गंभीर रूप से घायल
हादसे में तरुण रजवार नामक मजदूर भी गंभीर रूप से घायल हुआ है। वह हजारीबाग का रहने वाला बताया गया है। घायल मजदूर को उपचार के लिए रांची रोड स्थित दि हॉप हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
हादसे के बाद मचा हड़कंप
फैक्ट्री में ब्लास्ट और आग लगने की घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। हादसे के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। घटना को लेकर संबंधित स्तर पर जांच की जा रही है।






