क्रिप्टो ट्रेडिंग में 25-30% मुनाफे का झांसा, कोचिंग सेंटर संचालक से डेढ़ करोड़ से ज्यादा की ठगी

रायपुर। क्रिप्टो करेंसी और यूएसडीटी ट्रेडिंग में निवेश करने पर 25 से 30 प्रतिशत तक मुनाफा दिलाने का झांसा देकर पांच लोगों ने एक कोचिंग सेंटर संचालक से डेढ़ करोड़ रुपये से अधिक की ठगी कर ली। शुरुआत में आरोपियों ने निवेश की गई रकम पर लाभांश की राशि भी दी, जिससे संचालक को भरोसा हो गया और उसने बाद में बड़ी रकम निवेश कर दी। आरोप है कि ठगों ने रकम वापस नहीं की।
बैंक से लोन लेकर भी किया निवेश
समता कॉलोनी निवासी पुष्कर जैन ने आजाद चौक थाना में नेहल अग्रवाल, ललित अग्रवाल, विवेक अग्रवाल, सीमा अग्रवाल और नमित अग्रवाल उर्फ विक्की के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के मुताबिक, कोचिंग सेंटर संचालक ने अपनी जमा पूंजी के अलावा बैंक से लोन लेकर भी क्रिप्टो ट्रेडिंग में रकम निवेश की थी।
छात्र के जरिए हुई आरोपियों से पहचान
पुष्कर जैन ने पुलिस को बताया कि उनकी पहचान अपने यहां कोचिंग करने आने वाले नेहल अग्रवाल के जरिए हुई थी। नेहल ने उन्हें बताया कि उसके परिवार के लोग बड़े स्तर पर क्रिप्टो करेंसी और यूएसडीटी का कारोबार करते हैं और इसमें निवेश करने पर अच्छा मुनाफा मिल सकता है।
मुनाफा मिलने से बढ़ा भरोसा
शुरुआती निवेश के बाद आरोपियों की ओर से लाभांश की राशि दिए जाने से पुष्कर जैन का भरोसा और बढ़ गया। इसके बाद उन्होंने अधिक रकम निवेश कर दी। आरोप है कि बाद में न तो निवेश की गई पूरी राशि वापस की गई और न ही वादा किया गया मुनाफा मिला।
एफआईआर के बाद आरोपी फरार
मामले में शिकायत के आधार पर आजाद चौक थाना पुलिस ने पांचों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। एफआईआर दर्ज होने के बाद सभी आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस मामले में निवेश से जुड़े दस्तावेज, बैंक लेन-देन और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है।






