Train Cancellation News: दिल्ली में रेल यात्रियों को बड़ा झटका, 250 से अधिक ट्रेनें रद्द; सफर से पहले जरूर देखें अपडेट

नई दिल्ली। दिल्ली में प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन के मद्देनजर रेल परिचालन प्रभावित होने की खबर है। उत्तर रेलवे ने शुक्रवार देर शाम जानकारी दी कि 250 से अधिक ट्रेनों को रद्द किया गया है। रद्द होने वाली ट्रेनों में मेल, एक्सप्रेस और लोकल ट्रेनें शामिल हैं। इस फैसले से दिल्ली आने-जाने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
रेलवे ने जारी किया था ट्रेनों को रद्द करने का नोटिस
रेलवे बोर्ड की ओर से शुक्रवार सुबह जारी सूचना के अनुसार, यातायात में संभावित बाधा को देखते हुए कुछ ट्रेनों को रद्द करने का निर्णय लिया गया था। इसके तहत 9 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे के बाद अन्य राज्यों के विभिन्न स्टेशनों से रवाना होने वाली और 10 अक्टूबर को सुबह 4 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच नई दिल्ली तथा हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पहुंचने वाली ट्रेनों को रद्द करने की जानकारी दी गई थी।
पहले 38, फिर 45 मेल और एक्सप्रेस ट्रेनें हुईं रद्द
शुरुआत में रेलवे ने 38 मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों को रद्द किया था। बाद में इस संख्या को बढ़ाकर 45 कर दिया गया। इसके बाद जारी एक अन्य सूचना में दिल्ली आने वाली 40 और दिल्ली से रवाना होने वाली 35 ट्रेनों को रद्द किए जाने की जानकारी सामने आई।
शाम तक 250 से अधिक ट्रेनों के रद्द होने की सूचना
उत्तर रेलवे ने शुक्रवार देर शाम ट्रेनों के रद्द होने की संख्या को संशोधित करते हुए 250 से अधिक बताया। इस सूची में मेल, एक्सप्रेस और लोकल ट्रेनें शामिल हैं।
हालांकि, यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे अपनी ट्रेन की स्थिति की पुष्टि रेलवे के आधिकारिक पूछताछ माध्यम से जरूर कर लें, क्योंकि रद्द ट्रेनों की सूची और परिचालन संबंधी जानकारी में बदलाव हो सकता है।
यात्रियों के लिए जरूरी सलाह
अगर आप 10 अक्टूबर को दिल्ली या हजरत निजामुद्दीन स्टेशन से यात्रा करने वाले हैं, तो स्टेशन पहुंचने से पहले अपनी ट्रेन का नंबर डालकर उसकी स्थिति जांच लें। ट्रेन रद्द होने की स्थिति में टिकट रिफंड और वैकल्पिक यात्रा से संबंधित जानकारी के लिए रेलवे के आधिकारिक माध्यमों का इस्तेमाल करें।






