रायगढ़

रायगढ़ जिला जेल में दो मोबाइल फोन मिलने से हड़कंप, एक बाहर से फेंका गया तो दूसरा अस्पताल से बरामद

Advertisement

दोनों फोन में लगे थे सिम कार्ड, जेल प्रशासन ने जूटमिल पुलिस से जांच की मांग की

रायगढ़। जिला जेल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गुरुवार को सवाल खड़े करने वाली स्थिति सामने आई। जेल परिसर से अलग-अलग समय पर दो मोबाइल फोन बरामद किए गए। इनमें से एक मोबाइल जेल की बाहरी दीवार के पास से अंदर फेंका गया था, जबकि दूसरा जेल परिसर में संचालित 10 बिस्तरों वाले अस्पताल से मिला। दोनों मोबाइल फोन में सिम कार्ड लगे होने की जानकारी सामने आई है।

शाम को बाहर से फेंका गया मोबाइल मिला

जानकारी के मुताबिक, गुरुवार शाम जेल की सुरक्षा में तैनात प्रहरियों की नजर एक मोबाइल फोन पर पड़ी। प्रारंभिक जांच में पता चला कि मोबाइल जेल की पिछली तरफ से बाहरी हिस्से की ओर से अंदर फेंका गया था। प्रहरियों ने तत्काल इसकी सूचना जेल अधीक्षक को दी, जिसके बाद मोबाइल को जब्त कर लिया गया।

रात में अस्पताल से दूसरा मोबाइल बरामद

इसी दिन रात को जेल परिसर में बने 10 बिस्तरों वाले अस्पताल से भी एक अन्य मोबाइल फोन बरामद किया गया। इस फोन में भी सिम कार्ड लगा हुआ था। एक ही दिन में जेल परिसर के अलग-अलग स्थानों से दो मोबाइल मिलने के बाद जेल प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।

जूटमिल पुलिस से सिम और कॉल डिटेल की जांच का आग्रह

मामले में जेल प्रबंधन की ओर से जूटमिल पुलिस को पत्र भेजकर जांच का अनुरोध किया गया है। पुलिस से दोनों मोबाइल में लगे सिम कार्ड किसके नाम पर पंजीकृत हैं, इसकी जानकारी जुटाने के साथ ही मोबाइल से किन नंबरों पर बातचीत हुई और किन लोगों से संपर्क किया गया, इसकी भी जांच करने को कहा गया है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रहा जेल प्रबंधन

मोबाइल फोन जेल के भीतर कैसे पहुंचे और इन्हें किसने परिसर के अंदर पहुंचाया, इसकी पड़ताल की जा रही है। जेल प्रबंधन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रहा है। विशेष रूप से जेल की पिछली दीवार और उस क्षेत्र की गतिविधियों पर नजर डाली जा रही है, जहां से मोबाइल को बाहर से अंदर फेंके जाने की बात सामने आई है।

जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि दोनों मोबाइल जेल परिसर तक कैसे पहुंचे और इनके इस्तेमाल के पीछे कौन लोग शामिल थे।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button