कापू में सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी, 15 हजार नगद सहित सोने-चांदी के जेवर पार

रायगढ़। खेत में काम करने गए कृषक परिवार के सूने मकान को निशाना बनाते हुए अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने घर में रखे 15 हजार रुपये नगद सहित सोने-चांदी के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। घटना की शिकायत के बाद कापू पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
खेत से लौटे परिवार को मिली चोरी की जानकारी
मामला कापू थाना क्षेत्र के ग्राम बंधनपुर का है। जानकारी के अनुसार गांव निवासी श्रीमती साहोद्री बघेल पति विजय बघेल ने पुलिस को बताया कि बुधवार सुबह करीब साढ़े 8 बजे वह अपने परिवार के साथ घर में ताला लगाकर खेत में काम करने चली गई थीं।
दोपहर करीब साढ़े 12 बजे जब परिवार के लोग खेत से वापस लौटे तो घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। यह देखकर परिवार के लोग घबरा गए और चोरी की आशंका पर घर के अंदर जाकर जांच की।
पेटी में रखे जेवर और नकदी गायब
जांच के दौरान पता चला कि घर के अंदर रखी पेटी का ताला भी टूटा हुआ था। उसमें रखे 15 हजार रुपये नगद तथा सोने-चांदी के जेवरात गायब मिले। इसके बाद पीड़ित परिवार ने तत्काल इसकी सूचना कापू पुलिस को दी।
पुलिस ने शुरू की जांच
शिकायत के आधार पर कापू पुलिस ने अज्ञात चोर के विरुद्ध अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आरोपी की पहचान व गिरफ्तारी के लिए पतासाजी शुरू कर दी गई है।







