सीतापुर में ज्वेलर्स व्यवसायी से एक करोड़ की उठाईगिरी का खुलासा, 46 लाख का माल बरामद

सीतापुर। ज्वेलर्स व्यवसायी से करीब एक करोड़ रुपये के सोने-चांदी के आभूषणों से भरे बैग की उठाईगिरी के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने छत्तीसगढ़, झारखंड और ओडिशा में करीब 500 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर संदिग्धों की पहचान की। मामले में चोरी हुए आभूषणों में से करीब 46 लाख रुपये का माल बरामद किया गया है, जबकि आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं।
स्कूटी से बैग लेकर फरार हुए थे आरोपी
पुलिस के मुताबिक, 26 जुलाई को ज्वेलर्स व्यवसायी अरुणदेव सोनी की स्कूटी से अज्ञात आरोपी करीब एक करोड़ रुपये के सोने-चांदी के आभूषणों से भरा बैग लेकर फरार हो गए थे। वारदात के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और अलग-अलग स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले।
दो बाइक पर सवार चार संदिग्ध आए सामने
जांच के दौरान पुलिस को दो बाइक पर सवार चार संदिग्धों की गतिविधियां नजर आईं। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने ओडिशा निवासी चांटी दास और नागेश्वर राव की पहचान की।
ओडिशा में 10 दिनों तक चला सर्च ऑपरेशन
संदिग्धों की पहचान के बाद पुलिस टीम ने ओडिशा में करीब 10 दिनों तक सर्च ऑपरेशन चलाया। कार्रवाई के दौरान चांटी दास के घर से 300.92 ग्राम सोने के आभूषण और 1 किलो 168 ग्राम चांदी बरामद की गई। बरामद माल की कुल कीमत करीब 46 लाख रुपये बताई जा रही है।
फरार आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस के अनुसार, वारदात में शामिल अन्य आरोपियों और उनके सहयोगियों की तलाश जारी है। पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है। मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद उठाईगिरी की पूरी साजिश और वारदात में शामिल अन्य लोगों की भूमिका का खुलासा होने की उम्मीद है।






