छत्तीसगढ़

कोरबा में दो सड़क हादसे: पिता-पुत्र समेत 5 की मौत, कई घायल

Advertisement

तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक को मारी टक्कर, दूसरे हादसे में दो बाइक की भिड़ंत में दो युवकों की मौत

कोरबा। जिले में हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में पिता-पुत्र समेत पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। पहले हादसे में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की चपेट में आने से बाइक सवार पिता-पुत्र समेत तीन लोगों की मौत हुई। वहीं दूसरे हादसे में दो बाइक की आमने-सामने हुई भिड़ंत में दो युवकों की जान चली गई। दोनों मामलों में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक को मारी टक्कर

हरदीबाजार थाना क्षेत्र के ग्राम सरईसिंगार निवासी फूल सिंह (58), उनके पुत्र नरसिंह सिंह (24) और यशवंत सिंह बाइक क्रमांक CD 12 BJ 5644 पर सवार होकर सरईसिंगार से गेवरा की ओर जा रहे थे। दोपहर करीब 3 बजे वे कुसमुंडा थाना क्षेत्र के ग्राम खोड़री मोड़ के पास पहुंचे थे।

इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो क्रमांक CG 12 BU 2420 के चालक ने कथित रूप से लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि फूल सिंह और नरसिंह सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।

इलाज के दौरान तीसरे घायल ने भी तोड़ा दम

हादसे में यशवंत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें डायल-112 की मदद से मेडिकल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी भी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि यशवंत सिंह भी मृतक पिता-पुत्र के रिश्तेदार थे।

हादसे के बाद स्कॉर्पियो चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। एक ही हादसे में पिता-पुत्र सहित तीन लोगों की मौत से सरईसिंगार गांव में शोक का माहौल है।

दो बाइक की आमने-सामने भिड़ंत, दो की मौत

दूसरा हादसा मंगलवार शाम सर्वमंगला चौकी क्षेत्र के सर्वमंगला-कनवेरी मार्ग पर जोड़ा पुल के पास हुआ। यहां दो बाइक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। बताया गया कि एक बाइक पर तीन और दूसरी बाइक पर दो लोग सवार थे। टक्कर के बाद सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

मेडिकल अस्पताल में चल रहा घायलों का इलाज

हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को उपचार के लिए मेडिकल अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज के दौरान दो लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान खम्हरिया लुतरा निवासी देवी प्रसाद निषाद और खिसोरा निवासी कोमल के रूप में हुई है।

हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी स्पष्ट जानकारी अभी सामने नहीं आई है। अन्य घायलों की पहचान भी नहीं हो पाई है। पुलिस दोनों सड़क दुर्घटनाओं की जांच कर रही है।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button