Uncategorised

फ्रेंचाइजी के नाम पर 56 लाख की ठगी, गंज थाने में FIR दर्ज

Advertisement
Advertisement
Advertisement

रायपुर। राजधानी रायपुर में एक नामी कैफे ब्रांड की फ्रेंचाइजी दिलाने का झांसा देकर 56 लाख रुपये से अधिक की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित कारोबारी की शिकायत पर गंज थाना रायपुर पुलिस ने अज्ञात खाताधारकों के खिलाफ धोखाधड़ी की एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, गंज क्षेत्र निवासी कारोबारी आशीष तिवारी को फोन कॉल और ऑनलाइन माध्यम से बेंगलुरु स्थित एक चर्चित कैफे ब्रांड की फ्रेंचाइजी देने का प्रस्ताव मिला। आरोप है कि ठगों ने स्वयं को कंपनी का संस्थापक, हेड ऑफ डिपार्टमेंट और पब्लिक रिलेशन मैनेजर बताकर विश्वास में लिया। पेशेवर बातचीत और आकर्षक ऑफर के कारण प्रस्ताव वास्तविक प्रतीत हुआ।

शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने फ्रेंचाइजी प्रोसेसिंग, ब्रांड फीस, डॉक्यूमेंटेशन और अन्य औपचारिकताओं के नाम पर अलग-अलग बैंक खातों में कुल 56 लाख रुपये जमा करवाए। रकम ट्रांसफर होने के बाद आरोपियों ने संपर्क बंद कर दिया। आधिकारिक स्रोतों से जानकारी लेने पर धोखाधड़ी का खुलासा हुआ।

थाना प्रभारी सुनील दास ने बताया कि संबंधित बैंक खातों, ट्रांजेक्शन डिटेल, कॉल रिकॉर्ड और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने फर्जी पहचान और पदनाम का उपयोग कर सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस ने नागरिकों और कारोबारियों को सलाह दी है कि किसी भी फ्रेंचाइजी या निवेश प्रस्ताव पर भरोसा करने से पहले कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट, सत्यापित संपर्क सूत्र और पंजीकृत कार्यालय से पुष्टि अवश्य करें। साइबर फ्रॉड के मामलों में तकनीकी जांच के आधार पर आरोपियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button