Uncategorised
कोनी में पति-पत्नी के विवाद में पुलिस आरक्षक से मारपीट, वर्दी फाड़ी गई

कोनी/सरकंडा।
कोनी क्षेत्र में पति-पत्नी के विवाद को सुलझाने गई पुलिस की कोशिश आरक्षक के लिए महंगी पड़ गई। जानकारी के अनुसार, तिफरा पुलिस कालोनी में रहने वाले आरक्षक मनीराम साहू (40), जो सरकंडा थाने में डायल 112 पर ड्यूटी कर रहे थे, कोनी क्षेत्र के रिवर व्यू कालोनी पहुंचे, जहां पति-पत्नी के बीच झगड़ा चल रहा था।
आरक्षक ने पत्नी निशा पटेल की शिकायत पर उसके पति मयाराम पटेल को समझाइश देते हुए विवाद सुलझाने की कोशिश की। लेकिन आक्रोशित पति ने आरक्षक पर ही हमला कर दिया। मारपीट में आरक्षक की वर्दी फाड़ दी गई और उन्हें चोटें भी आईं।
घायल आरक्षक ने कोनी थाना में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने सरकारी काम में बाधा डालने समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।












