राजनांदगांव : चिखली ओवर ब्रिज के पास कंक्रीट मिक्सर से महिला की दर्दनाक मौत

राजनांदगांव, 10 जून 2025 : शहर के चिखली ओवर ब्रिज के पास एक कंक्रीट मिक्सर वाहन की चपेट में आकर एक महिला की मौत हो गई। महिला अपने बेटे के साथ बैंक जा रही थी, तभी यह हादसा हुआ।
मंगलवार सुबह करीब 11:30 बजे शांति नगर के पार्षद सुनील साहू की मां लीला साहू अपने बेटे यशवंत साहू के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर बैंक जा रही थी। इसी दौरान एक कंक्रीट मिक्सर वाहन ने महिला को धक्का मारा, जिससे वह सड़क पर गिर पड़ी। वाहन का चक्का महिला के सिर पर चढ़ गया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और महिला के शव को 112 वाहन की सहायता से पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा। लिखली पुलिस चौकी प्रभारी उमेश बघेल ने बताया कि आरोपी चालक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है और वाहन को पुलिस ने थाने में लाकर कब्जे में लिया है।
पुलिस प्रशासन ने इस दुर्घटना की गंभीरता को देखते हुए आरोपी चालक के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।












