बिलासपुर में बिना नंबर प्लेट और फर्जी नंबर प्लेट वाले वाहनों पर पुलिस की सख्ती,पांच बाइक जब्त, 17 पर चालान

बिलासपुर, 28 जुलाई 2025 – शहर में ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए बिना नंबर प्लेट या फर्जी नंबर प्लेट लगाकर वाहन चलाने वालों पर बिलासपुर पुलिस ने सख्त रवैया अपनाते हुए कार्रवाई तेज कर दी है। रविवार शाम रिवर व्यू क्षेत्र में पुलिस द्वारा चलाए गए विशेष चेकिंग अभियान में पांच दोपहिया वाहनों को जब्त किया गया, जिन पर कोई नंबर प्लेट नहीं थी और वाहन चालक वैध दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं कर पाए।
इस अभियान के दौरान 17 अन्य वाहनों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई। इनमें से अधिकांश वाहनों की नंबर प्लेट या तो गलत ढंग से लगाई गई थी या उन्हें जानबूझकर इस तरह फिट किया गया था कि कैमरे से पहचान न हो सके।
अपराध छिपाने का नया तरीका बन रहे हैं फर्जी नंबर
सीएसपी निमितेश सिंह ने बताया कि अब जीरो टॉलरेंस नीति के तहत ऐसे वाहनों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि कुछ असामाजिक तत्व जानबूझकर नंबर प्लेट हटाकर या छेड़छाड़ कर वाहन चला रहे हैं, ताकि लूटपाट, छेड़खानी और अन्य आपराधिक गतिविधियों में इनका इस्तेमाल किया जा सके और वे सीसीटीवी कैमरों की पकड़ में न आएं।
जब्त की गई पांचों बाइकों पर कोई पहचान चिन्ह या रजिस्ट्रेशन जानकारी नहीं पाई गई, जिससे इनके आपराधिक उपयोग की आशंका गहराई है। पुलिस रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर इन वाहनों की जांच में जुटी है।
एफआईआर का आदेश, एसएसपी ने दिए सख्त निर्देश
एसएसपी रजनेश सिंह ने निर्देश जारी करते हुए कहा कि यदि कोई वाहन चालक चालान से बचने के लिए जानबूझकर नंबर प्लेट हटाता है, उसमें छेड़छाड़ करता है या फर्जी नंबर का इस्तेमाल करता है, तो उसके खिलाफ सीधी एफआईआर दर्ज की जाएगी और कठोर कानूनी कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि इस तरह की हरकतें न केवल कानून का उल्लंघन हैं बल्कि सुरक्षा व्यवस्था के लिए भी खतरा हैं।
पुलिस की निगाहें हर मोड़ पर
शहर के प्रमुख चौराहों, रिंग रोड और व्यस्त मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की निगरानी बढ़ा दी गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान सिर्फ एक दिन की कार्रवाई नहीं बल्कि एक लगातार चलने वाली मुहिम है। बिना नंबर प्लेट या फर्जी नंबर के साथ गाड़ी चलाने वालों को अब बख्शा नहीं जाएगा।












