छत्तीसगढ़ में मानसून की वापसी की दस्तक, कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

रायपुर, 8 अगस्त 2025 — बीते कुछ दिनों से छत्तीसगढ़ में रुकी हुई मानसून की गतिविधियां एक बार फिर से तेज़ होने जा रही हैं। प्रदेश में भीषण गर्मी और उमस झेल रहे लोगों को जल्द राहत मिलने वाली है। मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि अब प्रदेश में एक बार फिर से जोरदार बारिश की संभावना है।
मौसम विभाग के मुताबिक, गुरुवार को राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में तेज़ आंधी-तूफान के साथ बारिश हो सकती है। रायपुर में आज दिनभर बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। वहीं बलरामपुर, रामानुजगंज, कोरिया, सूरजपुर, सरगुजा, मनेंद्रगढ़ और जशपुर जैसे जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
हालांकि विभाग ने यह भी बताया है कि प्रदेश में मानसून की गतिविधियां अभी पूरी तरह सक्रिय नहीं होंगी। अगले कुछ दिनों तक बारिश रुक-रुककर होती रहेगी। इस दौरान लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। खराब मौसम के दौरान बाहर निकलने से बचें और आवश्यक सावधानियां अपनाएं।












