खाद की कालाबाजारी पर प्रशासन का शिकंजा, तमनार में दो दुकानें सील

रायगढ़। प्रदेश में खाद की कालाबाजारी पर रोक लगाने प्रशासन ने एक बार फिर सख्त कदम उठाया है। हाल ही में घरघोड़ा क्षेत्र में हुई बड़ी कार्रवाई के बाद अब तमनार में भी प्रशासनिक टीम ने छापामार कार्रवाई करते हुए दो दुकानों को सील कर दिया।
बुधवार को तमनार क्षेत्र स्थित गोंडवाना कृषि केंद्र और शर्मा कृषि केंद्र में खाद वितरण व्यवस्था की जांच की गई। जांच के दौरान दुकानों में गंभीर अनियमितताएँ सामने आने पर दोनों प्रतिष्ठानों को तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया गया।
यह कार्रवाई एसडीएम घरघोड़ा के निर्देश पर नायब तहसीलदार रश्मि पटेल और एसएडीओ यू.एन. नगायच की मौजूदगी में की गई। अधिकारियों ने रिकॉर्ड, स्टॉक रजिस्टर और बिक्री रजिस्टर की गहन जांच कर अनियमितताओं की पुष्टि की।
इस सख्त कार्रवाई से क्षेत्र के खाद व्यापारियों में हड़कंप मच गया है। वहीं किसानों ने प्रशासन के कदम का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसी कार्रवाई से कालाबाजारी पर रोक लगेगी और उन्हें समय पर उचित मूल्य पर खाद मिल सकेगी।
प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि किसानों से जुड़ी किसी भी प्रकार की लापरवाही या कालाबाजारी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आने वाले दिनों में भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहने की संभावना है।












