एनटीपीसी लारा ने छात्रों के लिए आयोजित किया करियर मार्गदर्शन सत्र, 250 से अधिक विद्यार्थियों को मिला लाभ

रायगढ़। एनटीपीसी लारा ने अपने सामाजिक दायित्वों के तहत शिक्षा और सामुदायिक विकास को बढ़ावा देने की दिशा में एक सराहनीय पहल की है। परियोजना प्रभावित गाँवों के सरकारी स्कूलों के 250 से अधिक विद्यार्थियों के लिए करियर परामर्श एवं अभिविन्यास सत्र का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम आकाश इंस्टीट्यूट के सहयोग से संपन्न हुआ, जिसका मुख्य उद्देश्य छात्रों को विज्ञान क्षेत्र में करियर विकल्पों और आईआईटी-जेईई तथा नीट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी संबंधी मार्गदर्शन उपलब्ध कराना था।
आकाश इंस्टीट्यूट की विशेषज्ञ टीम ने विद्यार्थियों को प्रारंभिक तैयारी, समय प्रबंधन और प्रभावी रणनीतियों के महत्व पर प्रकाश डाला। इंटरैक्टिव सत्र के दौरान छात्रों को विज्ञान और चिकित्सा क्षेत्र में उपलब्ध विविध अवसरों से अवगत कराया गया और उन्हें लक्ष्य निर्धारित कर योजनाबद्ध ढंग से आगे बढ़ने की प्रेरणा दी गई। प्रश्नोत्तर सत्र में विद्यार्थियों ने अपनी जिज्ञासाएँ साझा कीं, जिनका समाधान विशेषज्ञों ने उत्साहजनक और उपयोगी तरीके से किया।
कार्यक्रम में एनटीपीसी लारा के कार्यकारी निदेशक श्री अनिल कुमार, सीजीएम (परियोजनाएं) श्री रविशंकर, एजीएम (मानव संसाधन) श्री जाकिर खान, डीजीएम (मानव संसाधन) श्री अभिलाष के.एस., तथा प्रबंधक (मानव संसाधन) श्री मनीष चतुर्वेदी की उपस्थिति ने विद्यार्थियों को विशेष रूप से प्रोत्साहित किया। उन्होंने शिक्षा को व्यक्तिगत और सामाजिक विकास का मजबूत आधार बताते हुए विद्यार्थियों से कड़ी मेहनत और समर्पण के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
सत्र में आकाश इंस्टीट्यूट के संकाय सदस्य, विभिन्न स्कूलों के प्रधानाचार्य, शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ भी मौजूद रहे। यह आयोजन एनटीपीसी लारा की शिक्षा को सशक्त बनाने की प्रतिबद्धता का उत्कृष्ट उदाहरण साबित हुआ।






